बलरामपुर, 24 नवंबर । रासायनिक खाद और कीटनाशकों पर निर्भरता घटाकर कम लागत में खेती को टिकाऊ बनाने के उद्देश्य से कृषि विज्ञान केंद्र बलरामपुर ने कुसमी विकासखंड के ग्राम गोपीनगर में एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया। राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन के तहत हुए इस कार्यक्रम में गोपीनगर और केंदली ग्राम पंचायतों के 100 से अधिक चयनित किसानों ने हिस्सा लिया।
इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर के निदेशक विस्तार सेवाएं के निर्देश और कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. जी.के. निगम के मार्गदर्शन में आयोजित प्रशिक्षण में किसानों को प्राकृतिक खेती के तरीके बताए गए। कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. इंद्रपाल सिंह पैकरा ने प्राकृतिक खेती की अवधारणा, उसके महत्व और बुनियादी सिद्धांतों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि स्थानीय स्तर पर उपलब्ध प्राकृतिक संसाधनों का उपयोग करने से खेती की लागत कम की जा सकती है। इससे मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने, जल संरक्षण और पर्यावरण संतुलन को बेहतर बनाने में भी मदद मिलती है।
प्रशिक्षण के दौरान किसानों को बीजामृत, जीवामृत, नीमास्त्र और ब्रह्मास्त्र जैसे प्राकृतिक कृषि आदान तैयार करने का व्यावहारिक तरीका समझाया गया। इसके साथ ही मल्चिंग, वाफसा और फसल विविधीकरण जैसी तकनीकों की जानकारी दी गई। वैज्ञानिकों ने किसानों को गांव में ही इन आदानों को तैयार करने के लिए प्रेरित किया, ताकि खेती में बाहर से खरीदे जाने वाले उत्पादों पर निर्भरता कम हो और उत्पादन लागत घटाई जा सके।
कार्यक्रम में वरिष्ठ कृषि विस्तार अधिकारी बसंत टोप्पो, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी अशोक कुजूर, गोपीनगर की सरपंच लीलावती बेक, सचिव इस्पात राम, केंदली के सरपंच कमल राम और सचिव नयन तारा भगत उपस्थित रहे। प्रशिक्षण में किसानों ने सक्रिय भागीदारी की और प्राकृतिक खेती से जुड़ी अपनी जिज्ञासाओं का समाधान भी प्राप्त किया।
