बलरामपुर, 25 नवंबर।
किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज, उर्वरक और कीटनाशक उपलब्ध कराने तथा कृषि आदानों की बिक्री में नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए कृषि विभाग द्वारा जिले के कृषि सेवा केंद्रों का निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में आज बुधवार को विकासखंड बलरामपुर स्थित कृपा कृषि सेवा केंद्र में जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर विभाग ने बड़ी मात्रा में बीज और कीटनाशक जब्त किए हैं।
निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान में बीज अधिनियम 1966 के प्रावधानों का उल्लंघन कर बीजों की बिक्री किए जाने की जानकारी मिली। इसके बाद विभागीय टीम ने विभिन्न कंपनियों के कुल 7.39 क्विंटल बीज जब्त किए। इनमें 5 क्विंटल गेहूं, 1.55 क्विंटल सरसों और 0.84 क्विंटल मक्का के बीज शामिल हैं।
जांच में कीटनाशी अधिनियम 1968 एवं 1979 के प्रावधानों का उल्लंघन भी पाया गया। इस पर कार्रवाई करते हुए विभाग ने विभिन्न कंपनियों के 42 लीटर तरल कीटनाशक और 25 किलोग्राम अन्य कीटनाशक उत्पाद भी जब्त किए।
कृषि विभाग ने प्रतिष्ठान संचालक को निर्देशित किया है कि जब्त किए गए बीज और कीटनाशकों की अगले आदेश तक बिक्री नहीं की जाए और न ही उन्हें भंडारण स्थल से कहीं अन्य स्थान पर हटाया जाए। विभाग के अनुसार, वैध अनुज्ञप्ति और निर्धारित नियमों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
