November 26, 2026

Blog

Spread the love

हिंदी साहित्य के लोकप्रिय कवि हरिवंश राय बच्चन का जन्म 27 नवंबर, 1907 को इलाहाबाद (अब प्रयागराज) में हुआ था। अपनी सहज भाषा, भावपूर्ण अभिव्यक्ति और विशिष्ट काव्य शैली से उन्होंने हिंदी कविता को आम जनमानस तक पहुंचाया। उनकी रचनाओं में प्रेम, विरह, संघर्ष, आशा और जीवन-दर्शन की ऐसी अभिव्यक्ति मिलती है, जो पाठकों को आज भी गहराई से प्रभावित करती है।

हरिवंश राय बच्चन को साहित्य जगत में सबसे अधिक प्रसिद्धि उनकी कालजयी कृति ‘मधुशाला’ से मिली। वर्ष 1935 में प्रकाशित इस काव्य संग्रह ने हिंदी साहित्य में उनकी अलग पहचान बनाई। रुबाइयों की शैली में रची गई ‘मधुशाला’ में हाला, प्याला और साकी जैसे प्रतीकों के माध्यम से कवि ने जीवन की विविध परिस्थितियों, मानवीय भावनाओं और दर्शन को अभिव्यक्त किया। इसकी लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसकी पंक्तियां आज भी साहित्य प्रेमियों के बीच उतनी ही लोकप्रिय हैं।

‘मधुशाला’ के अलावा ‘मधुबाला’, ‘मधुकलश’, ‘निशा निमंत्रण’, ‘एकांत संगीत’ और ‘खादी के फूल’ उनकी प्रमुख काव्य कृतियों में शामिल हैं। उनकी आत्मकथा के चार खंड भी हिंदी साहित्य की महत्वपूर्ण उपलब्धियों में गिने जाते हैं। बच्चन की लेखनी में व्यक्तिगत अनुभवों के साथ-साथ समाज और जीवन के व्यापक सरोकार भी दिखाई देते हैं।

बच्चन केवल कवि ही नहीं, बल्कि कुशल अनुवादक भी थे। उन्होंने शेक्सपियर की कई महत्वपूर्ण कृतियों का हिंदी में अनुवाद किया। साहित्य के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए उन्हें वर्ष 1968 में साहित्य अकादमी पुरस्कार और 1976 में पद्म भूषण से सम्मानित किया गया।

हरिवंश राय बच्चन का निधन 18 जनवरी, 2003 को मुंबई में हुआ। उनकी रचनाएं आज भी पाठकों के बीच जीवित हैं। उनकी कविता ने हिंदी साहित्य को ऐसी विरासत दी, जिसमें मानवीय संवेदनाओं, जीवन के संघर्षों और उम्मीदों की आवाज आज भी सुनाई देती है।

महत्वपूर्ण घटनाचक्र

1001 – हिंदू शासक जयपाल को आक्रमणकारी महमूद गजनी ने हराया।

1095 – पोप अर्बन द्वितीय ने पहले क्रूसेड (धर्मयुद्ध) का उपदेश दिया।

1795 – पहले बांग्ला नाटक का मंचन हुआ।

1807 – पुर्तगाल के शाही परिवार ने नेपोलियन की सेना के भय से लिस्बन छोड़ा।

1815 – पोलैंड साम्राज्य ने संविधान अपनाया।

1895 – अल्फ्रेड नोबेल ने नोबेल पुरस्कार की स्थापना की।

1912 – अल्बानिया ने राष्ट्रीय ध्वज अपनाया।

1932 – पोलैंड और तत्कालीन सोवियत संघ ने अनाक्रमण समझौते पर हस्ताक्षर किया।

1948 – राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) की स्थापना।

1949 – जबलपुर के निवासियों ने चंदा इकट्ठा करके नगरपालिका प्रांगण में सुभद्रा कुमारी चौहान जी की आदमकद प्रतिमा लगवाई जिसका अनावरण कवयित्री और उनकी बचपन की सहेली महादेवी वर्मा ने किया।

1966 – उरुग्वे ने संविधान अपनाया।

1975 – बीबीसी के कार्यक्रम प्रस्तुतकर्ता रोस मैक्वर्स्टर की गोली मारकर हत्या। उन्हें गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड के सह संस्थापक के तौर पर भी जाना जाता है।

1995 – मिर वेनेजुएला जौकेलीन एग्वीलेरा मार्कानो ‘मिस वर्ल्ड’ 1995 चुनी गईं।

2000 – फ्लोरिडा में डाले गये मतों की गिनती में जार्ज बुश 537 मतों से जीते, फ्लोरिडा में जीत के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति पद पर जार्ज बुश जूनियर का दावा।

2001 – हब्बल टेलीस्कोप ने सौर मंडल से बाहर ओसाइरस ग्रह पर हाइड्रोजन युक्त वायुमंडल की खोज की। सौरमंडल से बाहर ऐसे वायुमंडल वाला यह पहला ग्रह है।

2002 – बेलारूस के प्रधानमंत्री जेनेदी वी नोवित्सकी भारत यात्रा पर नई दिल्ली आए।

2004 – अंतरराष्ट्रीय श्रम संगठन के अध्यक्ष जुआन सोमाविया भारत यात्रा पर नई दिल्ली पहुंचे।

2005 – फ्रांस में इजाबेल दिनोरे नामक महिला का दुनिया में पहली बार सफल आंशिक चेहरा प्रतिरोपण हुआ।

2007 – पाकिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ़ ने अपने सैनिक साथियों से विदाई ली।

2008- छठा वेतन आयोग देने वाला उत्तर प्रदेश देश का पहला राज्य बना।

2008 – केन्द्र सरकार ने उच्चतम न्यायालय और उच्च न्यायालयों के जजों के वेतन में तीन गुना बढ़ोत्तरी को हरी झंडी दी।

2012 – यूरोजोन ने वित्तीय संकट से जूझ रहे यूनान को 43.7 अरब यूरो का ऋण देने की घोषणा की।

2013 – दुनिया में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली एनिमेशन फिल्म ‘फ्रोजन’ रिलीज हुई।

2014 – आस्ट्रेलियाई क्रिकेटर फिलिप ह्यूज का बाउंसर से घायल होने के बाद मौत हुई।

2017 – उत्तर प्रदेश के उरई में पत्ते चरने और गमले तोड़ने के आरोप में चार दिन जेल में बंद रहने के बाद आठ गदहों को रिहा किया गया।

2019 – पृथ्वी की बेहद साफ तस्वीर लेने वाले भारत के कार्टोसैट-3 उपग्रह का सफल प्रक्षेपण।

जन्म

1881 – काशी प्रसाद जायसवाल – भारत के प्रसिद्ध इतिहासकार एवं पुरातत्वविद्।

1888 – गणेश वासुदेव मावलंकर – लोकसभा के प्रथम अध्यक्ष ।

1907 – हरिवंश राय बच्चन – प्रसिद्ध कवि और लेखक।

1940 – ब्रुस ली – मार्शल आर्ट के महानायक।

1942 – मृदुला सिन्हा – भारतीय जनता पार्टी की वरिष्ठ नेता और गोवा की पूर्व राज्यपाल।

1950 – कुइन ओजा -असम के भारतीय राजनीतिज्ञ हैं।

1952 – बप्पी लाहिड़ी – प्रसिद्ध भारतीय गायक और संगीतकार।

निधन

1852 – ऐडा लवलेस – अंग्रेजी गणितज्ञ और लेखक।

1976 – गजानन त्र्यंबक माडखोलकर – मराठी उपन्यासकार, आलोचक तथा पत्रकार।

1978 – लक्ष्मीबाई केलकर – भारत की प्रख्यात समाज सुधारक ।

2002 -शिवमंगल सिंह सुमन- प्रसिद्ध प्रगतिशील कवि।

2008 – विश्वनाथ प्रताप सिंह – भारत के पूर्व प्रधानमंत्री।

2018 – मोहम्मद अजीज – भारत के प्रसिद्ध पार्श्वगायक।

2019 – सुशील कुमार – भारतीय नौसेना के पूर्व प्रमुख एडमिरल।