नई दिल्ली, 26 नवंबर। दिल्ली विश्वविद्यालय के दूसरे साहित्य महोत्सव (डीयूएलएफ 2.0) का आयोजन 12 से 14 फरवरी, 2027 तक किया जाएगा। इसका निर्णय डीयू कुलपति प्रो. योगेश सिंह की अध्यक्षता में आयोजित साहित्य महोत्सव कमेटी की बैठक में गुरुवार को लिया गया। महोत्सव के आयोजन को लेकर आयोजित इस पहली बैठक में साहित्य महोत्सव के विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा हुई।
बैठक को संबोधित करते हुए कुलपति प्रो. योगेश सिंह ने कहा कि पिछले वर्ष आयोजित डीयू के पहले साहित्य महोत्सव का आयोजन बहुत सफल रहा था। उन्होंने आशा जताई कि इस बार का आयोजन और भी विशाल होगा।
कुलपति ने डीयूएलएफ 2.0 के आयोजन को लेकर सुझाव देते हुए कहा कि जिन्होंने भारत का मान बढ़ाया है, साहित्य महोत्सव के दौरान उन्हें भी सम्मान दिया जाए। उन्होंने कहा कि साहित्य महोत्सव के आयोजन में दिल्ली विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों की भागीदारी अधिक से अधिक होनी चाहिए। इसके साथ ही सभी कॉलेजों और विश्वविद्यालय के सभी शिक्षण विभागों की भागीदारी भी आयोजन में सुनिश्चित की जाए।
कुलपति ने कहा कि साहित्य महोत्सव का आयोजन देश हित को ध्यान में रख कर होने चाहिए। आयोजन में ऐसा कुछ भी शामिल नहीं होना चाहिए, जो सामाजिक सौहार्द और राष्ट्र हित के खिलाफ हो। इस अवसर पर कमेटी सदस्यों ने आगामी आयोजन को सफल बनाने के लिए अपने अपने विचार भी प्रस्तुत किए। साहित्य महोत्सव कमेटी की अध्यक्ष प्रो. रजनी अब्बी ने बैठक में सभी का स्वागत किया।
साहित्य महोत्सव के कनवीनर और उपाध्यक्ष अनूप लाठर ने पिछले वर्ष हुए डीयूएलएफ़ 1.0 के सफल आयोजन के लिए सभी का आभार प्रकट किया। उन्होंने डीयूएलएफ 2.0 के आयोजन की विस्तृत रूप रेखा प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि इस आयोजन में देश भर के नामी लेखक, कवि, मीडिया जगत के लोग और साहित्य से जुड़ी जानी मानी हस्तियां भागीदारी करेंगी। इस दौरान पुस्तक विमोचन और पुस्तक चर्चाओं का भी आयोजन किया जाएगा।
लाठर ने बताया कि इस बार भारतीय लोक नाट्यों को भी साहित्य महोत्सव में शामिल किया जाएगा। उन्होंने बताया कि साहित्य महोत्सव के दौरान डीयू के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स स्थित मल्टीपर्प्ज हाल और रग्बी ग्राउंड के साथ सर शंकर लाल हाल और आर्ट्स फैकल्टि स्थित वन्देमातरम हाल में भी आयोजन होंगे। उन्होंने सभी सदस्यों से सक्रिय सहयोग का आह्वान करते हुए कहा कि जब तक प्रत्येक सदस्य की सक्रिय भागीदारी न हो तो कोई भी आयोजन सफल नहीं हो पाता।
इस अवसर पर डीन ऑफ कॉलेजेज़ प्रो. बलराम पाणी, कुलसचिव डॉ. विकास गुप्ता, वित्त अधिकारी गिरीश रंजन, डीन (अकादमिक) प्रो. के. रत्नाबली और डीयूएलएफ़ कमेटी के सह-संयोजक (डीयू कल्चर काउंसिल के डीन) प्रो. रविंदर कुमार आदि उपस्थित रहे।
