नई दिल्ली, 26 नवंबर । दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को ब्रह्मस्थानम् महोत्सव में माता अमृतानंदमयी देवी ‘अम्मा’ से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अमृतश्री स्वयं सहायता समूह कार्यक्रम का भी शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा करते हुए कहा कि ब्रह्मस्थानम् महोत्सव में माता अमृतानंदमयी देवी ‘अम्मा’ का सान्निध्य और आशीर्वाद प्राप्त करना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि अम्मा का जीवन ‘सेवा परमो धर्मः’ की सनातन संस्कृति का जीवंत स्वरूप है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि अमृतश्री स्वयं सहायता समूह कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। उन्होंने कहा कि देश के 21 राज्यों में 15 हजार से अधिक स्वयं सहायता समूहों के जरिए लाखों महिलाओं को स्वावलंबी बनाने का अम्मा का सेवा कार्य अत्यंत प्रेरणादायी है।
इस अवसर पर सांसद बांसुरी स्वराज, विधायक शिखा राय, गजेंद्र यादव सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
