गुवाहाटी, 23 फरवरी। वर्ल्ड हिन्दू कांग्रेस (डब्ल्यूएचसी) का तीसरा तीन दिवसीय विश्वव्यापी आयोजन इस वर्ष बैंकाक में होने जा रहा है। डब्ल्यूएचसी में पूरे विश्व के हिन्दू एक साथ एक मंच पर एकजुट होंगे। यह निर्णय डब्ल्यूएचसी-2023 के निमित्त पूर्वोत्तर के प्रमुख उद्यमियों की गुवाहाटी के द होटल ओरनेट में आयोजित “योजना बैठक” में बुधवार देर को लिया गया।
बैठक में विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के केंद्रीय अधिकारी स्वामी विज्ञानानंद (विहिप के केंद्रीय संयुक्त महामंत्री) बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहे। स्वामी ने पूर्वोत्तर के उद्यमियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्ल्ड हिन्दू कांग्रेस दुनियाभर में फैले हिंदू उद्यमियों का एक मात्र मंच है, जहां सम्पूर्ण दुनिया के हिन्दू उद्यमी अपने नए विचारों एवं नए अन्वेषणों को एक दूसरे के साथ साझा करने का सुलभ अवसर प्रदान करता है। इसका आयोजन वर्ल्ड हिंदू फाउंडेशन कर रहा है।
उन्होंने बताया कि वर्ल्ड हिन्दू कांग्रेस का पहला सफल आयोजन दिल्ली में (2014) किया गया। दूसरा आयोजन शिकागो (2018) में किया गया। इस वर्ष डब्ल्यूएचसी का आयोजन 24 से 26 नवम्बर, 2023 तक बैंकाक (थाईलैंड) में होने जा रहा है। उन्होंने बताया कि डब्ल्यूएचसी सात प्रमुख बिंदुओं पर कार्य करता है। जिसमें आर्थिक, शिक्षा, मीडिया, राजनीति, महिला, युवा और संगठन शामिल हैं।
योजना बैठक को पूर्वोत्तर के प्रमुख उद्यमी राहुल बजाज ने संबोधित करते हुए कहा कि हम हिन्दू समाज के उद्यमियों के लिए यह एक अच्छी पहल है। उन्होंने पूर्व में आयोजित डब्ल्यूएचसी की सफलताओं और उपलब्धियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। वहीं विहिप के क्षेत्रीय संगठन मंत्री दिनेश तिवारी ने अपने उद्बोधन में बताया कि हिन्दू समाज के उद्यमियों को अपनी पहचान, अपनी सांस्कृतिक विरासत के साथ दुनिया के पटल पर उपस्थिति दर्ज कराने के लिए बढ़-चढ़कर भागे लेने की आवश्कता है। आज दुनिया एक वैश्विक बाजार बन चुका है। भारत निर्मित समानों को लेकर दुनिया में एक विश्वास बना है। इसको और मजबूत करते हुए अपने देश को स्वधर्मी से स्वावलंबन की ओर लेकर चलना है।
योजना बैठक के दौरान ड्ब्ल्यूएचसी-2023 में सहभागी बनने वाले पूर्वोत्तर के प्रतिनिधियों के लिए एक समिति का गठन किया गया। योजना बैठक में पूर्वोत्तर के काफी संख्या में प्रमुख उद्यमियों ने हिस्सा लिया। बैठक के दौरान उपस्थित लोगों ने ड्ब्ल्यूएचसी की बैठक में बड़ी संख्या में पूर्वोत्तर से प्रतिनिधियों के हिस्सा लेने की अपनी हामी भरी। बैठक के दौरान बताया गया कि इसके लिए www.worldhinducongress.org नामक एक वेबसाइट बनायी गयी है। इस वेबसाइट के जरिए कोई भी हिंदू अपना रजिस्ट्रेशन कर इसमें शामिल हो सकता है। विहिप के उत्तर पूर्व प्रांत के अध्यक्ष (सेवा निवृत्त आईएएस) परमेश दत्त के संबोधन से योजना बैठक संपन्न हुई।
