काठमांडू, 03 मार्च। नेपाल में नौ मार्च को होने वाले राष्ट्रपति चुनाव के मैदान में उतरे रामचंद्र पौडेल और सुभाष चंद्र नेमवांग ने वोट मांगने की शुरुआत कर दी है। दोनों उम्मीदवार सभी दलों और निर्दलीय सांसदों से वोट मांग रहे हैं।
नेपाली कांग्रेस के नेता रामचंद्र पौडेल के समर्थन में आठ पार्टियों का गठबंधन ओरिएंटेशन प्रोग्राम आयोजित कर रहा है। गठबंधन ने शुक्रवार को बागमती प्रांत के सांसदों का ओरिएंटेशन किया। गठबंधन ने सभी सात प्रांतों में ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया है।
सीपीएन (यूएमएल) के नेता सुभाष नेमवांग भी अन्य पार्टी के प्रमुख नेताओं से मुलाकात कर रहे हैं। नेमवांग की पार्टी यूएमएल ने नेपाली कांग्रेस और उनके सांसदों के अलावा अन्य दलों से वोट मांगने का फैसला किया है। नेमवांग अब तक सीपीएन (यूएस), राष्ट्रीय स्वतंत्र और राष्ट्रीय प्रजातन्त्र पार्टी (आरपीपी) से वोट मांग चुके हैं। सीपीएन (यूएस) आठ दलों के गठबंधन में है, जिसने रामचंद्र पौडेल का समर्थन किया है। यूएमएल शुक्रवार को जनता समाजवादी पार्टी, लोकतान्त्रिक समाजवादी पार्टी के साथ बैठक करेगी।
नेपाल में राष्ट्रपति चुनाव में संघ और राज्य के सांसद मतदान कर सकते हैं। जनगणना के अनुसार केंद्रीय सांसदों का वोट शेयर 79 है और राज्य के सांसदों का वोट शेयर 48 है। पौडेल को आठ दलों ने समर्थन दिया था, इसलिए उनकी जीत तय है। राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार पौडेल और नेमवांग दोनों पूर्व स्पीकर हैं। पौडेल उम्र और राजनीतिक अनुभव के मामले में नेमवांग से बड़े हैं।
