छिन्दवाडा, । केन्द्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का संकल्प है कि देश के स्व-सहायता समूह की प्रत्येक दीदी लखपति बने और आपके मन में भी लखपति बनने का सपना है। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से हम प्रत्येक जिले में जा रहें हैं और इस सपने को पूरा करने की दिशा में कार्य कर रहे हैं। आप चिंता न करें, हम पर भरोसा करें। दुनिया की ऐसी कोई ताकत नहीं हैं जो आपके सपने को साकार होने से रोक सके। हमारा संकल्प है कि एक दिन ऐसा आए कि हर दीदी लखपति दीदी हो।
केन्द्रीय मंत्री गिरिराज सिंह शुक्रवार को मप्र के छिंदवाड़ा जिले के अमरवाड़ा में आयोजित महिला स्व-सहायता समूह सम्मेलन को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद कविता पाटीदार, पूर्व मंत्री चौधरी चन्द्रभान सिंह समेत अन्य जनप्रतिनिधि, कलेक्टर शीतला पटले, पुलिस अधीक्षक विनायक वर्मा, राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन भोपाल के उपायुक्त राकेश शुक्ला, अन्य अधिकारी तथा बड़ी संख्या में स्व-सहायता समूह की दीदियां व नागरिकगण उपस्थित थे।
केन्द्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री ने कार्यक्रम में स्व-सहायता समूह की दीदियों से उनके समूह द्वारा किए जा रहे कार्यों और लखपति बनने की दिशा में उनके सुझाव आमंत्रित किए, जिस पर समूह की दीदियों द्वारा सिलाई, अगरबत्ती निर्माण, पोहा निर्माण, पत्तल निर्माण आदि के प्रस्ताव प्रस्तुत किये। केन्द्रीय मंत्री सिंह ने राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अधिकारियों को निर्देश दिये कि समूह की सभी दीदियों के प्रस्ताव दर्ज करें और उन्हें प्रशिक्षण देकर उनका सपना पूरा करने में उनकी मदद करें।
उन्होंने प्रारंभ में कृषि विभाग, वन-धन केन्द्र और अन्य विभागों द्वारा लगाई गई मिलेट्स के व्यंजनों व अन्य उत्पादों की प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। राधा स्व-सहायता समूह हरनभटा की अध्यक्ष गंगा यादव ने दिव्यांग होने के कारण मोटरट्रायसिकल दिलाने के लिये कहा, जिस पर केन्द्रीय मंत्री द्वारा संबंधित अधिकारी को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये। उन्होंने गणेश स्व-सहायता समूह अमरवाड़ा की अध्यक्ष बुधिया बाई को 6 लाख रुपये और सांईराम स्व-सहायता समूह की अध्यक्ष लक्ष्मी बाई को 3 लाख रुपये का चैक भी प्रदान किया।
कार्यक्रम में राज्य सभा सांसद कविता पाटीदार ने कहा कि केन्द्रीय मंत्री गिरिराज सिंह स्व-सहायता समूह की दीदियों को लखपति बनाने का संकल्प लेकर इसे पूरा करने का अथक परिश्रम कर रहें हैं। आप सभी पापड़, अचार व गणवेश निर्माण, पशुपालन आदि के माध्यम से कार्य कर रही हैं। राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से आप प्रशिक्षण लेकर अपने रोजगार के साधनों को बढाएं। आप आर्थिक रूप से समृद्ध बनेंगी तो परिवार समृद्ध होगा और परिवार के समृद्ध होने से समाज, प्रदेश और देश समृद्ध होगा। कार्यक्रम में स्व-सहायता समूह की महिलाओं ने भी अपने विचार रखे।
