मुंबई । भारतीय शेयर बाजार में हफ्ते के पांचवें और आखिरी कारोबारी दिन, यानी शुक्रवार को तेजी देखने को मिली। सेंसेक्स करीब 900 अंक बढ़कर 59,808 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी में भी 272 अंक की तेजी रही। यह 17,594 के स्तर पर बंद हुआ। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 25 शेयरों में तेजी और सिर्फ 5 शेयरों में गिरावट रही।
मार्केट में इस तेजी के बीच आज अडाणी ग्रुप के सभी 10 शेयरों में भी तेजी देखने को मिली। ग्रुप की फ्लैगशिप कंपनी अडाणी एंटरप्राइजेज का शेयर सबसे ज्यादा 16.60% चढ़ा। वहीं अडाणी पोर्ट्स में 9.76% की तेजी देखने को मिली। इसके अलावा अडाणी ट्रांसमिशन, विल्मर, पावर, टोटल गैस, ग्रीन एनर्जी, अंबुजा सीमेंट, ACC और NDTV के शेयरों में करीब 5-5% की तेजी रही।
अडाणी एंटरप्राइजेज, अडाणी पोर्ट्स, SBI, भारती एयरटेल, SBI लाइफ, टाटा स्टील, ITC और रिलायंस समेत निफ्टी-50 के 42 शेयरों में तेजी देखने को मिली। टेक महिंद्रा, अल्ट्रा-टेक सीमेंट, सिप्ला, डिविस लैब, नेस्ले इंडिया, ग्रासिम और एशियन पेंट्स में गिरावट रही। वहीं एक शेयर में कोई बदलाव नहीं हुआ है।
NSE के सभी 11 सेक्टोरल इंडेक्स में तेजी देखने को मिली। PSU बैंक सेक्टर में सबसे ज्यादा 5.40% की तेजी रही। मेटल में 3.55% और बैंक सेक्टर में 2.13% की तेजी आई है। फाइनेंशियल सर्विसेज, FMCG, मीडिया, प्राइवेट बैंक और रियल्टी सेक्टर में भी 1% से ज्यादा की तेजी रही। वहीं ऑटो, IT और फार्मा सेक्टर में भी मामूली तेजी देखने को मिली।
