नई दिल्ली, 06 मार्च । कांग्रेस ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सत्ता के लिए कुछ भी कर सकती है। इसका उदाहरण मेघालय विधानसभा चुनाव में देखा जा सकता है।
पार्टी प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत और कांग्रेस नेता विन्सेंट एच. पाला ने सोमवार को पार्टी मुख्यालय में एक प्रेसवार्ता के दौरान कहा कि मेघालय विधानसभा चुनाव के पहले भाजपा के सभी शीर्ष नेताओं ने नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी) को भ्रष्ट पार्टी कहा था। लेकिन अब भाजपा उसी एनपीपी के साथ राज्य में सरकार बनाने जा रही है।
सुप्रिया ने कहा कि भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बीते दिनों चुनाव प्रचार के दौरान कहा था कि वह एनपीपी के भ्रष्टाचार की जांच के लिए एक समिति का गठन करेंगे। लेकिन अब उसी दल के साथ भाजपा हाथ मिला रही है।
कांग्रेस नेता विन्सेंट एच. पाला ने कहा कि भाजपा के कथनी और करनी में बहुत अंतर है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी, जेपी नड्डा और अन्य भाजपा के वरिष्ठ नेता मेघालय आए और एनपीपी की आलोचना की। अब वे हाथ मिला रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि मेघालय विधानसभा चुनाव में किसी एक पार्टी को पूर्ण बहुमत नहीं मिला है। यहां एनपीपी 26 सीटों पर जीत हासिल कर सकी थी। वहीं यूडीपी दूसरी सबसे बड़ी पार्टी रही। पार्टी ने 11 सीटों पर जीत हासिल की। ममता बनर्जी की टीएमसी को पांच सीटें, बीजेपी को दो सीटें और कांग्रेस को पांच सीटों पर जीत मिली है।
