मुंबई । भारतीय शेयर बाजार की हफ्ते के पहले कारोबारी दिन यानी सोमवार को गिरावट के साथ शुरुआत हुई।
सेंसेक्स 101 अंक गिरकर 59,034 के स्तर पर खुला। वहीं निफ्टी भी 9 अंकों की गिरावट साथ 17,422 पर खुला। हालांकि, बाद में इसमें तेजी आई। सुबह करीब 10 बजे सेंसेक्स 150 अंक से ज्यादा बढ़कर कारोबार कर रहा था।
सेंसेक्स के 30 में से 19 शेयरों में तेजी है और 11 में गिरावट। वहीं अडाणी ग्रुप के सभी 10 शेयरों में तेजी देखने को मिल रही है।
आज ग्लोबल सरफेसेज का इनिशियल पब्लिक ऑफर सब्सक्रिप्शन के लिए ओपन होने जा रहा है। कंपनी के आईपीओ को 15 मार्च 2023 तक सब्सक्राइब किया जा सकेगा। ग्लोबल सरफेसेज के का इश्यू प्राइस 133-140 रुपए प्रति शेयर है।
इस के लिए 100 शेयरों का लॉट साइज तय किया गया है। ऐसे में अपर प्राइस बैंड से देखा जाए तो इस पर दांव लगाने के लिए निवेशकों को कम-से-कम 14,000 रुपए का निवेश करना होगा।
निजी निवेशकों और ईटीएफ पर यस बैंक के शेयरों को तीन साल तक बेचने पर लगी भारतीय रिजर्व बैंक की रोक (लॉक-इन अवधि) आज खत्म हो रही है। 3 साल पहले सरकार ने यस बैंक लिमिटेड के पुनर्गठन की अधिसूचना जारी की थी। इसके अनुसार यस बैंक के शेयर होल्डर्स 3 साल तक अपने शेयर नहीं बेच सकते थे।
पुनर्गठन में ये शर्त रखी गई थी कि अगर आपने यस बैंक के 100 से अधिक शेयर खरीदे तो इनमें से 75% हिस्सेदारी को 3 साल के लिए लॉक इन कर दिया जाएगा। यानी तीन साल तक आप ये शेयर नहीं बेच सकते थे। हालांकि अगर किसी निवेशक के पास 100 से कम शेयर हैं तो वो अपने पूरे शेयर बेच सकता था।
भारतीय शेयर बाजार में शुक्रवार यानी 10 मार्च को गिरावट देखने को मिली थी। सेंसेक्स 671 अंक गिरकर 59,135 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी में भी 176 अंक की गिरावट रही। यह 17,412 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं अमेरिकी बाजार में भी शुक्रवार को गिरावट रही। डाउ जोन्स में 1.07%, एसएंडपी 500 में 1.45% की गिरावट रही। टेक-हैवी नैस्डैक 1.46% की गिरावट के साथ बंदु हुआ।
