नई दिल्ली, 14 मार्च। देश के वनों में आग लगने की घटनाओं में 115 प्रतिशत का इजाफा हुआ है। भारतीय वन सर्वेक्षण (एफएसआई) के अनुसार 1 मार्च से 12 मार्च के बीच वनों में लगभग 42,799 आग लगने की घटनाएं सामने आईं हैं, जबकि पिछले साल यह संख्या 22,870 थी।
केन्द्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेन्द्र यादव ने मंगलवार को कहा कि देश के जंगलों में आग लगने की घटनाओं से निपटने के लिए राज्यों को हर संभव सहायता दी जा रही है। मंत्रालय देश के जंगलों में लगने वाली आग की स्थिति पर बारीकी से निगरानी कर रहा है।
भूपेन्द्र यादव ने ट्वीट कर कहा कि रिमोट सेंसिंग तकनीक के माध्यम से दैनिक आधार पर फायर अलर्ट जारी किए जाते हैं और आगजनी की घटनाओं के स्थानों की जानकारी राज्यों के साथ साझा किया जाता है।
उन्होंने कहा कि वन फ्रंटलाइन कर्मचारी आग को नियंत्रित करने और वनस्पतियों, जीवों और जैव विविधता को होने वाले नुकसान को कम करने के लिए 24 घंटे काम कर रहे हैं।
