अजमेर, 16 मार्च । अजमेर के समीप लमाना में गुरुवार दोपहर अरावली एक्सप्रेस ट्रेन का एक डिब्बा पटरी से उतर गया। इससे ट्रेन में बैठे यात्रियों में हड़कंप मच गया। ब्यावर से ट्रेन के अजमेर आते समय यह हादसा हुआ। सूचना मिलते ही डीआरएम सहित रेलवे और आरपीएफ अधिकारी मौके के लिए रवाना हो गए।
आरपीएफ थाना प्रभारी लक्ष्मण गौड़ ने बताया कि दोपहर 1:15 बजे गाड़ी संख्या 14702 बांद्रा टर्मिनस श्रीगंगानगर अरावली एक्सप्रेस के एक सामान्य श्रेणी के कोच के कुछ पहिये खरवा-मांगलियावास स्टेशनों के बीच पटरी से उतर गए। मौके पर दुर्घटना राहत ट्रेन से पहुंचे रेलकर्मियों ने बेपटरी हुई गाड़ी के डिब्बे को दोबारा पटरी पर चढ़ाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। सभी यात्री सुरक्षित हैं।
