नई दिल्ली, 21 मार्च 13वीं अखिल भारतीय पुलिस कमांडो प्रतियोगिता का आर्मी चीफ मनोज पांडे ने मंगलवार को राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) के मानेसर परिसर में उद्घाटन किया।
इस दौरान आर्मी चीफ मनोज पांडे ने कहा कि आतंकवाद के सभी पहलुओं से निपटने के लिए एनएसजी एक विश्व स्तरीय प्रशिक्षित बल है। यह ऐसा बल है जो सभी तरह के खतरों से निपटने के लिए हमेशा तैयार रहता है। उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय पुलिस कमांडो प्रतियोगिता हमारे जवानों को और अधिक सशक्त बनाएगी।
पांडे ने कहा कि देश में आतंकवादी हमलों की आशंका को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता है। नए जमाने की तकनीक ने दुश्मन को ड्रोन, इंटरनेट, साइबर स्पेस और सोशल मीडिया के जरिए अपनी गतिविधियों को अंजाम देने में सक्षम बनाया है। ऐसे में हमें हर मोर्चे पर और अधिक चौकन्ना रहने की जरूरत है। जिससे दुश्मनों की हर साजिश को हम विफल कर सकें।
सांसद राज्यवर्धन सिंह राठौर ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि एनएसजी पर देश को गर्व है। हमारे जवान दुनिया के सबसे अच्छे योद्धा हैं। इन्होंने जो भी ऑपरेशन किए वह ऐतिहासिक रहे हैं। मोदी सरकार हमारे सुरक्षा बलों को हर सुविधा मुहैया करा रही है। इन्हें कभी भी किसी संसाधन की कमी नहीं होने पाएगी।
उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड के ब्लैक कैट कमांडो ने आज उद्घाटन समारोह में अपने इंटरवेंशन कौशल और काउंटर टेरेरिस्ट ऑपरेशन संबंधी विशेषज्ञता का प्रदर्शन किया। इस दौरान समारोह में थलसेना अध्यक्ष जनरल मनोज पांडे मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे और सांसद कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौर, ए.वी.एस.एम. (सेवानिवृत्त) समारोह के विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
यह आयोजन राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) के तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। आयोजन 31 मार्च तक चलेगा। इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता को केन्द्रीय सशस्त्र पुलिस बलों और राज्य पुलिस बलों में से कमांडोज की शारीरिक फिटनेस, शारीरिक कौशल, मानसिक रूप से मजबूती, शूटिंग कौशल नेतृत्व गुण और एस्प्रिट डी-कौर्प्स के आधार पर सर्वश्रेष्ट कमांडो टीम का चयन करने के लिए डिजाइन किया गया है।
अखिल भारतीय पुलिस खेल नियंत्रण बोर्ड के तत्वावधान में आयोजित होने वाले इस आयोजन में 24 टीमें भाग ले रही हैं। 10 दिनों के इस आयोजन के दौरान इसमें भाग लेने वाली टीमें विशेष बलों के प्रशिक्षण के कई पहलुओं में उनकी विशेषज्ञता को प्रदर्शित करेंगी, जिसमें शूटिंग, धैर्य, विशेष अभियान की योजना बनाना और उनका निष्पादन करना और विशेष सर्वाइवल कौशल जैसे कार्य शामिल हैं, जोकि आतंकवादी चुनौतियों का सामना करने के लिए किसी राष्ट्र की सामूहिक तैयारियों को प्रदर्शित करता है।
