रामनगर, 28 मार्च। उत्तराखंड के नैनीताल जिले के रामनगर होने वाले जी-20 के वैज्ञानिक सलाहकार गोलमेज सम्मेलन में भाग लेने के विदेशी प्रतिनिधि मंगलवार को दोपहर पंतनगर एयरपोर्ट पहुंचे, जहां पर उनका लोकनृत्यों के बीच स्वागत किया गया।
जी-20 के वैज्ञानिक सलाहकार गोलमेज सम्मेलन में भाग लेने के लिए आज 17 देशों के 38 प्रतिनिधि पंतनगर एयरपोर्ट पर पहुंचे, जहां इन विदेशी प्रतिनिधियों का छोलिया नृत्य से स्वागत किया गया। स्थानीय प्रशासन के अधिकारियों ने विदेशी प्रतिनिधियों को उत्तराखंड की टोपी पहनाकर और पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। ये सभी प्रतिनिधि पंतनगर एयरपोर्ट पर उतरने के बाद सड़क मार्ग से नौ लक्जरी बसों से बाजपुर, नयागांव होते हुए रामनगर के ढिकुली गांव स्थित ताज रिजॉर्ट में जायेंगे। इस दौरान उनके साथ पुलिस का सख्त पहरा रहेगा, जिसमें कमांडो ट्रेनिंग प्राप्त सुरक्षाकर्मी रहेंगे। रास्ते में किसी जगह पर प्रशासन ने उनके लिए अल्प विश्राम और नाश्ते का प्रबंध भी किया गया है।
सड़क मार्ग से सीधे सभी प्रतिनिधि नगर से दस किलोमीटर दूर ढिकुली गांव के ताज रिजॉर्ट में जायेंगे। पूरे सड़क मार्ग को काफिले के आवागमन के दौरान जीरो जोन घोषित किया गया है। इस दौरान अन्य वाहनों को रोक दिया जाएगा। रामनगर में भाजपा संगठन और नगरवासी उनका मुख्य मार्गों पर तिरंगा दिखाकर स्वागत करेंगे।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वैज्ञानिक सलाहकार सम्मेलन में पहुंचने वाले सभी विदेशी मेहमानों के लिए 29 मार्च को नमः रिजॉर्ट में एक रात्रिभोज का आयोजन किया है, जिसमें प्रदेश के कैबिनेट मंत्री और विधायक भी शामिल होंगे। इसी रिजॉर्ट में मेहमानों के लिए उत्तराखंड के लोक संस्कृति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम दिखाए जायेंगे, जिसके लिए करीब ढाई सौ कलाकारों ने खास तैयारी की है।
मुख्यमंत्री धामी कल बुधवार को सुबह ग्यारह बजे रोडवेज मैदान में एक आमसभा को भी सम्बोधित करेंगे, जहां वह रामनगर वासियों को करोड़ों की विकास योजनाओं की सौगात देंगे।
