जयपुर, 28 मार्च। राजस्थान 15.5 प्रतिशत दुग्ध उत्पादन एवं 45.91 प्रतिशत ऊन उत्पादन के साथ देश भर में प्रथम स्थान पर है। देश में दुग्ध उत्पादन वर्ष 2021-22 में 221.06 मिलियन टन हुआ, गत वर्ष की तुलना में 5.29 प्रतिशत वृद्धि दर दर्ज की गयी। वहीं, सम्पूर्ण देश में वर्ष 2021-22 में कुल ऊन उत्पादन 33.13 हजार टन रहा।
केंद्रीय पशुपालन मंत्री पुरुषोत्तम रूपाला द्वारा जारी विभागीय वार्षिक प्रकाशन ’’बुनियादी पशुपालन सांख्यिकी 2022’’ के अनुसार मुख्य पांच दुग्ध उत्पादन में राजस्थान (15.05 प्रतिशत), उत्तर प्रदेश (14.93 प्रतिशत) , मध्य प्रदेश (8.06 प्रतिशत ), गुजरात (7.56 प्रतिशत ) और आंध्र प्रदेश (6.97 प्रतिशत) शामिल है। वहीं, ऊन उत्पादन में प्रमुख पांच राजस्थान (45.91 प्रतिशत), जम्मू एवं कश्मीर (23.19 प्रतिशत), गुजरात (6.12 प्रतिशत), महाराष्ट्र (4.78 प्रतिशत) और हिमाचल प्रदेश (4.33 प्रतिशत) राज्य शामिल है।
प्रतिवेदन पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए पशुपालन विभाग के शासन सचिव कृष्ण कुणाल ने कहा कि सम्पूर्ण प्रदेश वासियों के लिए यह गर्व का विषय है कि राज्य दुग्ध और ऊन उत्पादन में प्रथम स्थान पर है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की पशुपालकों के लिए कल्याणकारी सोच और योजनाओं का आज यह परिणाम है कि राज्य पशुपालन के क्षेत्र में देश-विदेशों में अपनी कामयाबी का परचम लहरा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य की सकल विकास दर में पशुपालन के अहम योगदान को देखते हुए विभाग लगातार पशुपालकों के हितों को सर्वाेपरि रखते हुए कार्य कर रहा है।
