श्रीनगर, 30 मार्च । चैत्र नवरात्र की समाप्ति तथा रामनवमी के पर्व को कश्मीर घाटी में कश्मीरी पंडितों ने धार्मिक उत्साह और उल्लास के साथ मनाया। कश्मीरी पंडितों ने गुरुवार को रामनवमी पर श्रीनगर में शोभा यात्रा भी निकाली।
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पारंपरिक पोशाक पहने बच्चों के एक समूह के साथ यात्रा श्रीनगर के टैंकीपोरा क्षेत्र के कथलेश्वर मंदिर से निकाली गई जो हब्बाकदल, गणपतियार, बारबर शाह, रीगल चौक से होते हुए लाल चौक, हरि सिंह हाई स्ट्रीट, जहांगीर चौक की सड़कों से गुजरी।
इस दौरान हरे राम, हरे राम के नारे लगाते हुए बड़ी संख्या में कश्मीरी पंडित यात्रा के साथ थे जो शांतिपूर्वक संपन्न हुई। बहुसंख्यक समुदाय के सदस्य भी श्रीनगर शहर के विभिन्न बिंदुओं पर सड़क के किनारे उनका अभिवादन करते देखे गए। एक अधिकारी ने कहा कि एहतियात के तौर पर विभिन्न जगहों पर सुरक्षा बलों को तैनात किया गया था।
हिंदू वेलफेयर सोसाइटी ऑफ कश्मीर के अध्यक्ष चुन्नी लाल ने कहा कि शोभा यात्रा निकालने के साथ ही भगवान राम के जन्मदिवस नौ दिवसीय रामनवमी पर्व का समापन हो गया है। उन्होंने कहा कि इन सभी दिनों में देश और जम्मू-कश्मीर की शांति और समृद्धि के लिए विशेष प्रार्थना की गई।
