मुंबई, 01 अप्रैल । गढ़चिरौली जिले के भामरागढ़ तहसील में कियारकोटी अबूझमाड़ वन क्षेत्र में शनिवार को करीब 10 बजे पुलिस ने मुठभेड़ में एक नक्सलवादी को मार गिराया । इसके बाद नक्सलवादी के अन्य साथी मौके से जंगल की ओर भाग गए। पुलिस बल द्वारा जंगल में तलाशी ली गई, जहा से दो बंदूकें और कुछ अन्य नक्सली सामान बरामद किया गया। गढ़चिरौली के पुलिस अधीक्षक नीलोत्पल ने इस घटना की पुष्टि की है।
पुलिस के अनुसार शनिवार को पुलिस बल के सी-60 जवानों की टीम भामरागढ़ तहसील के वन क्षेत्र में नक्सल विरोधी अभियान के तहत काम कर रहे थे। उसी समय वहां छिपे नक्सलियों ने पुलिस बल पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की ओर से भी जवाबी फायरिंग की गई। इस घटना में एक नक्सलवादी ढेर हो गया और अन्य नक्सली घने जंगल की ओर भाग गए। दूसरी तरफ से फायरिंग बंद होने के बाद पुलिस बल ने सावधानी से जंगल का मुआयना करना शुरू किया तो मारे गए नक्सली का शव बरामद किया।
जिला पुलिस अधीक्षक नीलोत्पल के अनुसार घटनास्थल पर तलाशी अभियान जारी है। पुलिस ने मौके से दो बंदूकें और अन्य नक्सली सामग्री बरामद की है। मदद के लिए गढ़चिरौली पुलिस मुख्यालय से एक हेलीकॉप्टर भेजा गया है ।
