नई दिल्ली, 06 अप्रैल । पाकिस्तान से गुरुवार को प्रकाशित अधिकांश समाचारपत्रों ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए शेड्यूल जारी किए जाने की खबरें प्रमुखता से प्रकाशित की हैं। नामांकन वापस लेने की अंतिम तारीख 19 अप्रैल तय की गई है और 20 अप्रैल को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे। पोलिंग 14 मई को कराने का फैसला लिया गया है।
अखबारों ने प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की पीडीएम नेताओं के साथ बैठक की खबरें देते हुए बताया है कि सुप्रीम कोर्ट के फैसले के खिलाफ संसद में एक और प्रस्ताव लाए जाने का फैसला किया गया है। इस मौके पर प्रधानमंत्री ने कहा है कि ऐसा खिलवाड़ पहले कभी देखने में नहीं आया। आज संसद में इसके खिलाफ प्रस्ताव पेश किया जाएगा।
अखबारों ने पीटीआई चेयरमैन इमरान खान का एक बयान छापा है, जिसमें उन्होंने कहा है कि मार्शल लॉ के दिन गए। अगर दो-तिहाई बहुमत ना मिला, तो चुनाव परिणाम स्वीकार नहीं करेंगे। विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो ने भी अपनी प्रतिक्रिया में कहा है कि देश में इंसाफ का कोई स्थान नहीं है। अदालतों की वजह से भुट्टो को फांसी पर चढ़ाया गया था। अखबारों ने पूर्व सूचना प्रसारण मंत्री फव्वाद चौधरी का एक बयान दिया है, जिसमें उन्होंने कहा है कि मंत्रिमंडल ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले के खिलाफ बयान वापस ना लिया तो उन्हें अयोग्य ठहराने की याचिका अदालत में दायर करेंगे।
अखबारों ने रुपये के मुकाबले 3 डॉलर महंगा होने की खबर देते हुए बताया है कि सोने की कीमत में भी 2500 तोला की वृद्धि हुई है। ओपन मार्केट में डॉलर 296 रुपये का हो गया है। अखबारों ने एशियाई डेवलपमेंट बैंक की एक रिपोर्ट प्रकाशित की है, जिसमें कहा गया है कि पाकिस्तान दक्षिण एशिया के 8 देशों में सबसे महंगा देश बन गया है।
अखबारों ने दक्षिणी वजीरिस्तान में सुरक्षाबलों के ऑपरेशन में 8 आतंकवादियों और एक जवान के मारे जाने की ख़बरें दी है। अखबारों ने सऊदी अरब के जरिए पाकिस्तान को 2 अरब डॉलर की फंडिंग का फैसला लेने की खबरें देते हुए बताया है कि आईएमएफ से होने वाले समझौते में लगातार अड़चनें पैदा होती जा रही हैं। अखबारों ने पाक अधिकृत कश्मीर की विधानसभा में एक प्रस्ताव पेश कर भारत से 5 अगस्त के अपने फैसले को वापस लेने की मांग किए जाने की खबरें दी है।
अखबारों ने इसराइली पुलिस के जरिए मस्जिद-ए-अक्सा पर धावा बोलने की खबर देते हुए बताया है कि इसमें महिला समेत 60 लोग जख्मी हुए हैं और 350 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अखबारों ने सऊदी अरब से संबंध बहाल होने के बाद ईरान के जरिए संयुक्त अरब अमीरात के लिए भी अपना राजदूत नियुक्त किए जाने की खबरें दी हैं।
अखबारों ने हुर्रियत कान्फ्रेंस का एक बयान छापा है, जिसमें कश्मीरी कैदियों के साथ भारतीय अधिकारियों के रवैये की निंदा करके ईद से पहले सभी कैदियों को रिहा करने की मांग की गई है। अखबारों ने पीस एंड कल्चर ऑर्गनाइजेशन की चेयरपर्सन मशाल हुसैन मलिक का एक बयान छापा है, जिसमें उन्होंने कहा है कि भारत की पॉलिसियों से अंतरराष्ट्रीय शांति को बड़ा खतरा है। प्रधानमंत्री मोदी की हिंदुत्व को बढ़ावा देने वाली पॉलिसी से भारतीय समाज में बड़े पैमाने पर दूरियां पैदा हो रही है। यह सभी खबरें रोजनामा पाकिस्तान, रोजनामा नवाएवक्त, रोजनामा खबरें, रोजनामा दुनिया, रोजनामा एक्सप्रेस, रोजनामा जंग और रोजनामा औसाफ आदि ने अपने पहले पन्ने पर प्रकाशित की हैं।
रोजनामा नवाएवक्त ने विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मुमताज जेहरा ब्लौच का एक बयान छापा है, जिसमें उन्होंने कहा है कि भारत में मुसलमानों पर की जा रही हिंसा की हम निंदा करते हैं। भारत के 9 राज्यों में मुसलमानों पर हिंसा की जा रही है। उनका कहना है कि इस संबंध में ओआईसी के निंदा प्रस्ताव के साथ हम खड़े हैं।
