शिमला, 15 अप्रैल। हिमाचल प्रदेश के 76वें स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सरकारी कर्मचारियों, अधिकारियों और पेंशनरों को बड़ी सौगात दी है। शनिवार को लाहौल-स्पीति जिले में साढ़े 12 हज़ार फुट की ऊंचाई पर स्थित काजा में आयोजित राज्यस्तरीय हिमाचल दिवस समारोह में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों, कर्मचारियों एवं पेंशनरों को तीन फीसदी महंगाई भत्ते (डीए) की घोषणा की। सरकारी कर्मचारियों और पेंशनरों का डीए अब 31 से बढ़कर 34 फीसदी हो गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2.18 लाख कर्मचारी और 1.90 लाख पेंशनर इससे लाभान्वित होंगे। इससे सरकारी कोष पर 500 करोड़ का अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने स्पीति घाटी की 18 वर्ष से अधिक आयु की सभी महिलाओं को प्रथम चरण में जून महीने से 1500 रुपये की मासिक सम्मान राशि देने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि अगले चार वर्षों में हिमाचल की खस्ता माली हालत को पटरी पर लाया जाएगा। अगले 10 वर्षों में हिमाचल प्रदेश देश के सबसे अमीर राज्य में शामिल होगा। इसके लिए अभी से कदम उठाए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि 75 वर्षों में पहली बार काजा में हिमाचल दिवस का आयोजन हुआ है। यह क्षेत्र सामरिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है। यहां से कुछ फासले पर चीन है। स्पीति घाटी के रंगरीक में हवाई पट्टी बनाने का मसला रक्षा मंत्रालय से उठाया जाएगा। इससे यहां पर्यटन को भी पंख लगेंगे। स्पीति में स्टार गेजिंग के लिए एक ऑब्जर्वेटरी बनाई जाएगी। शोंगटोंग में हेलीपोर्ट और राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल का निर्माण होगा।
