कूचबिहार, 15 अप्रैल सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के महानिदेशक डॉ. एस एल थाउसेन, भारत-बांग्लादेश सीमा पर परिचालन तैयारियों की समीक्षा करने के लिए उत्तर बंगाल फ्रंटियर क्षेत्र के दो दिवसीय दौरे पर हैं। दौरे के दूसरे दिन शनिवार को उन्होंने उत्तर बंगाल फ्रंटियर कैंपस एरिया और कम्पोजिट अस्पताल कदमतला का निरीक्षण किया। बीएसएफ महानिदेशक ने कंपोजिट अस्पताल में भर्ती जवानों से मुलाकात की और उनका हालचाल पूछा।
इसके साथ ही बीएसएफ महानिदेशक ने उत्तर बंगाल फ्रंटियर के महानिरीक्षक के साथ पश्चिम बंगाल के कूचबिहार जिले में सेक्टर मुख्यालय बीएसएफ जलपाईगुड़ी के तहत 06 वीं बटालियन बीएसएफ के भारत-बांग्लादेश सीमा क्षेत्र के तीनबीघा कॉरिडोर का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने परिचालन तैयारियों की समीक्षा की और सीमा पार से होने वाली आपराधिक व राष्ट्र विरोधी गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए सीमा पर लगातार कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए। बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश के अधिकारियों ने तीनबीघा कॉरिडोर में महानिदेशक से शिष्टाचार मुलाकात की और गुलदस्ता भेंट किया।
इसके बाद महानिदेशक ने सेक्टर मुख्यालय सिलीगुड़ी के तहत 176 वीं बटालियन के भारत-बांग्लादेश सीमा क्षेत्र के फुलबाड़ी आईसीपी का भी निरीक्षण कर सीमा पर कड़ी निगरानी का निर्देश देते हुए जवानों का मनोबल बढ़ाया।
