फिल्म ‘द केरला स्टोरी’ इस वक्त काफी चर्चा में है। 5 मई को रिलीज हुई यह फिल्म कुछ महिलाओं की कहानी बताती है, जो आतंकवादी संगठन आईएसआईएस में शामिल हो जाती हैं। कुछ लोग इस फिल्म की आलोचना कर रहे हैं, तो कुछ इसकी तारीफ कर रहे हैं। अब इस बारे में एक्ट्रेस शबाना आजमी ने अपनी राय रखी और उनके ट्वीट पर कंगना रनौत ने रिएक्शन दिया है।
कई राजनीतिक दलों और धार्मिक संगठनों ने फिल्म की रिलीज पर प्रतिबंध लगाने की मांग की थी। आज शबाना आजमी ने एक ट्वीट कर अपनी राय रखी। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा था, “जो लोग ‘द केरला स्टोरी’ को बैन करने की बात करते हैं, वे उतने ही गलत हैं, जितने कि आमिर खान की ‘लाल सिंह चड्ढा’ को बैन कराना चाहते हैं। एक बार जब केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड किसी फिल्म को हरी झंडी दे देता है, तो किसी को अतिरिक्त संवैधानिक प्राधिकरण बनने का अधिकार नहीं है।
कंगना ने शबाना आजमी के ट्वीट को रीट्वीट करके उनकी बातों से सहमति जताई। उन्होंने लिखा, “बिल्कुल यही बात है, लेकिन सच तो यह है कि किसी ने भी फिल्म ‘लाल सिंह चड्ढा’ पर प्रतिबंध लगाने की मांग नहीं की। लोग कई कारणों से इस फिल्म को नहीं देखना चाहते थे। इसका एक मुख्य कारण यह है कि यह बेहद लोकप्रिय हॉलीवुड फिल्म ‘फॉरेस्ट गम’ का रीमेक है, जिसे दर्शक पहले ही देख चुके हैं।”
कंगना का यह ट्वीट अब खूब चर्चित हो रहा है। इस ट्वीट पर यूजर्स कमेंट कर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। कई लोग उनके बयान से सहमत हैं। दूसरी ओर, कई नेटिज़न्स यह कहते हुए कंगना की आलोचना कर रहे हैं कि फिल्म ‘लाल सिंह चड्ढा’ अच्छी है।
