रायगढ़,23 मई ।रायगढ़ जिला कांग्रेस अध्यक्ष अनिल शुक्ला ने आज(मंगलवार को) एक प्रेस वार्ता में कहा कि छत्तीसगढ़ में गांव,गरीब,किसानों और गोपालको की समृद्धि को भाजपाई पचा नहीं पा रहे हैं। गरीब और कृषि श्रमिकों सहित ग्रामीणों के अतिरिक्त आमदनी का जरिया बने गोधन न्याय योजना का विरोध कर भाजपाई अपने सामंतवादी चरित्र को एक बार फिर प्रमाणित कर रहे हैं।
अनिल शुक्ला ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि 15 साल रमन राज के कुशासन में संचालित फर्जी गौशालाओं को हर साल करोड़ों का अनुदान लगातार दिया जाता था।जहां अनुदान गटक कर चारा-पानी के बिना गाएं मार दी जाती थी। सेठ फूलचंद गौशाला, शगुन गौशाला, मयूरी गौशाला जैसे अनेकों उदाहरण हैं। 15 साल भाजपा के कुशासन में गांव की घास जमीन, मवेशियों के चारागाह की जमीन भू माफियाओं के साथ मिलीभगत करके भाजपा के लोगों ने हड़प लिया। कभी औषधि खेती, कभी रतनजोत तो कभी उद्योग लगाने का सपना दिखाकर चारागाह भूमि पर कब्जा करने वाले भाजपा के लोगों को गोठानों के लिए संरक्षित जमीन पर आपत्ति करने का नैतिक अधिकार नहीं है। छत्तीसगढ़ में भाजपा ने प्रत्येक आदिवासी परिवार को 10 लीटर दूध देने वाली जर्सी गाय देने का वादा 2003 में किया था। 15 साल सरकार में रहे, भाजपा द्वारा एक भी गाय किसी को दी गई हो तो बताएं?
अनिल शुक्ला ने बताया कि भूपेश सरकार ने छत्तीसगढ़ में विगत साढ़े तीन साल में 10624 गोठान बनाए हैं ।जिनमें से 5709 गोठान अब स्वावलंबी बन चुके हैं। योजना के अंतर्गत कोई भी राशि का भुगतान नगद रूप में नहीं होता है। प्रत्येक 15 दिन में हितग्राहियों के बैंक खाते में राशि का अंतरण होता है, पूरी पारदर्शिता है।
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अनिल शुक्ला ने कहा है कि प्रदेश में संचालित गोठानों में 14504 महिला स्व सहायता समूह की 1,71,585 बहनों को 131 करोड़ 43 लाख का भुगतान अब तक हो चुका है।प्रदेश में पंजीकृत गोपालकों की संख्या 341713 है। उल्लेखनीय है कि विगत तीन साल में पशुपालकों की संख्या में 24 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। अब तक कुल गोबर खरीद 32.72 लाख क्विंटल की गई है।जिससे 24.54 लाख़ क्विंटल वर्मी कंपोस्ट का निर्माण किया गया है।गौमूत्र से आय समुह को 48 लाख 50 हज़ार का शुद्ध मुनाफा गोठान समितियों को हुआ है। 2 अक्टूबर 2022 से रीपा परियोजना के तहत हर ब्लाक में 2 गोठानों में औद्योगिक गतिविधियां संचालित करने का फैसला लिया गया है जिसके तहत लगभग 300 से अधिक गोठानों में रूरल इंडस्ट्रियल पार्क का काम शुरू हो चुका है।
अनिल शुक्ला ने बताया कि भूपेश सरकार के गोठान मॉडल की राष्ट्रीय और अंतराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बन चुकी है ।भाजपा को कांग्रेस के अच्छे काम हजम नहीं हो पा रहे । उन्होंने कहा कि हम सृजनात्मक और रचनात्मक कार्यों से लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए कृत संकल्पित है।
