बेगूसराय, 25 मई।बेगूसराय जिला के चार कराटे खिलाड़ी नौवीं इंटरनेशनल कराटे प्रतियोगिता के लिए गुरुवार को नेपाल रवाना हो गए। यह नेपाल के ककरबित्ता झापा में 27 एवं 28 मई को आयोजित अंतरराष्ट्रीय कराटे प्रतियोगिता में शामिल होंगे। जिसमें भारत से 45 प्रतिभागी भाग ले रहे हैं।
भारतीय टीम में बेगूसराय जिले के दो बालिका एवं दो बालक प्रतिभागी शामिल हैं। बालिका वर्ग में सर्वोदय नगर निवासी स्व. राजेश कुमार मिश्रा की पुत्री आस्था 53 किलो भार वर्ग में लोहियानगर निवासी प्रदीप साह की पुत्री मुस्कान कुमारी 41 किलोभार वर्ग में तथा बालक वर्ग में लोहियानगर निवासी रत्नेश कुमार के पुत्र रोहित 55 किलो भार वर्ग में लोहियानगर निवासी राजेन्द्र कुमार के पुत्र शिवांशु सुमन 60 किलो भार वर्ग में कुमिते स्पर्धा में शिरकत करेंगें।
मौके पर उपस्थित भारतीय टीम के कोच गोविंद कुमार ने बताया कि नेपाल के लिए सभी खिलाड़ियों के साथ रवाना हो रहे हैं। इस मौके पर बेगूसराय जिला कराटे संघ के उपाध्यक्ष खुशबू कुमारी, कमेटी के सदस्य सोनी कुमारी, रवि कुमार एवं बैडमिंटन के कोच मिथलेश कुमार ने खिलाड़ियों को मेडल जीत कर लाने की शुभकामना देने के साथ टीम को रवाना किया।
