चंडीगढ़, 6 जून । साका नीला तारा की 39वीं वर्षगांठ के अवसर पर श्री अकाल तख्त साहिब में अखंड पाठ साहिब के भोग डाले गए। श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी हरप्रीत सिंह ने पंथ के नाम संदेश दिया। जत्थेदार ज्ञानी हरप्रीत सिंह ने कहा कि श्री अकाल तख्त साहिब के आदेश के तहत सभी सिखों को एकजुट होने की जरूरत है। अगर हम साथ हैं तो सरकार को यहां ला सकते हैं और झुका सकते हैं।
इसी बीच खालिस्तान समर्थकों ने नारे लगाने शुरू कर दिए। गौरतलब है कि पिछले दो दिनों से हरमंदिर साहिब के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। इसके साथ ही मंगलवार सुबह से ही सिख संगत का जमावड़ा शुरू हो गया। किसी के हाथ में 1984 साका नीला तारा की तस्वीर थी तो किसी के हाथ में शांतिपूर्ण खालिस्तान की मांग वाले पोस्टर थे। साका नीला तारा के दौरान मारे गए सिखों के परिवारों को अखंड पाठ साहिब के भोग पड़ने के उपरांत सम्मानित किया जा रहा है।
हरमंदिर साहिब के बाहर पुलिस, कमांडो और अर्धसैनिक बल तैनात हैं। साथ ही श्री हरमंदिर साहिब के अंदर सादे कपड़ों में पुलिस बल भी तैनात है। 1984 के ब्लू स्टार ऑपरेशन का विरोध करने वालों की वीडियो रिकॉर्डिंग की जा रही है। श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी हरप्रीत सिंह ने 18 जुलाई 2006 के प्रस्ताव की प्रति शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी को पहले ही भेज दी है, जिसमें 5 सिंह साहिबान द्वारा लिए गए फैसलों का विवरण है कि हरिमंदिर साहिब में कोई भी व्यक्ति जिंदाबाद एवं मुर्दाबाद के नारे नहीं लगाएगा।
