भारत इस साल पहली बार फ्रांस में एनेसी अंतरराष्ट्रीय एनिमेशन महोत्सव-ए.आई.ए.एफ. में भाग ले रहा है। सूचना और प्रसारण सचिव अपूर्व चंद्रा के नेतृत्व में एनिमेशन उद्योग की प्रतिष्ठित हस्तियों के साथ एक भारतीय प्रतिनिधिमंडल ए.आई.ए.एफ. में वैश्विक दर्शकों के लिए एनीमेशन और वीएफएक्स सामग्री बनाने में भारत की क्षमता का प्रदर्शन कर रहा है। भारत हाल ही में वैश्विक निर्माण केन्द्र के लिए वी.एफ.एक्स. और एनिमेशन सामग्री के पसंदीदा स्थान के रूप में उभरा है। भारत की भागीदारी के बारे में श्री चंद्रा ने कहा, भारत एनिमेशन, गेमिंग, विज़ुअल इफेक्ट्स और कॉमिक्स के क्षेत्रों में बेहद प्रतिभाशाली पेशेवरों के साथ विश्व स्तरीय और नवीन तकनीक को अपना रहा है।
उन्होंने कहा कि भारत उन कुछ देशों में से एक है जो ए.वी.जी.सी. सामग्री बनाने के लिए विदेशी कंपनियों को नकद प्रोत्साहन प्रदान कर रहा है। श्री चन्द्रा ने कहा कि भारत में फिल्मों की शूटिंग के लिए जो प्रोत्साहन दिए जाते हैं, वहीं एनिमेशन कंपनियों को भी दिए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भारत उद्योग को प्रोत्साहन देने के साथ-साथ उत्पादन से पहले और बाद की गतिविधियों में सहयोग करने के लिए प्रतिबद्ध है। समारोह में, श्री चंद्रा ने एआईएएफ के निदेशक माइकल मारिन से मुलाकात की और एनेसी में भारत के जुड़ाव को मजबूत करने की संभावनाओं और भारत और फ्रांस के बीच भारत में एक एनिमेशन फिल्म समारोह कीमेजबानी के लिए सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा की। उन्होंने भारतीय मंडप का भी उद्घाटन किया। जिसे सरस्वती यंत्र की थीम पर डिजाइन किया गया है।
भारत में एनिमेशन और वी.एफ.एक्स. बाजार को 2021 में 109 अरब रुपये आंका गया था, जिसमें अकेले वीएफएक्स कारोबार 50 अरब रुपये था। यह आंकड़ा 2024 तक 180 अरब रुपये तक बढ़ने की उम्मीद है।
