काठमांडू, 21 जून। नेपाल में चीन के राजदूत चेन सोंग ने एक बार फिर पोखरा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को चीनी परियोजना ब्रिक एंड रोड इनिशिएटिव (बीआरआई) का हिस्सा बताया है। उन्होंने बुधवार को पोखरा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की पहली अंतरराष्ट्रीय उड़ान के दौरान आयोजित एक कार्यक्रम में यह दावा किया।
राजदूत सोंग ने यह भी कहा कि पोखरा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को बीआरआई परियोजना के तहत चीन सरकार की मदद से डिजाइन और बनाया गया था। चीनी राजदूत का ताजा बयान आने के बाद नेपाल सरकार ने स्पष्ट किया है कि उसने अभी तक किसी भी बीआरआई परियोजना को स्वीकार नहीं किया है। पोखरा इंटरनेशनल एयरपोर्ट 305 मिलियन अमेरिकी डॉलर की लागत से बनाया गया है, जिसमें से 215 मिलियन चीन के एक्ज़िम बैंक से, 30 मिलियन एशियाई विकास बैंक से और 11 मिलियन डॉलर ओपेक फंड से लिए गए हैं। बाकी का निवेश नेपाल सरकार ने किया है।
नेपाल के प्रधान मंत्री प्रचंड ने एक जनवरी, 2023 को जब पोखरा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन किया था, तब भी राजदूत सोंग ने इसे बीआरआई परियोजना के तहत बताया था। चीन ने दावा किया है कि एयरपोर्ट के निर्माण में वह नेपाल का इकलौता सहारा है। एयरपोर्ट को चाइना सीएएमसी इंजीनियरिंग ने बनाया है।
