नई दिल्ली, 22 जून। दिल्ली का राऊज एवेन्यू कोर्ट महिला पहलवानों के यौन शोषण के आरोपों के संबंध में भारतीय कुश्ती महासंघ के पूर्व अध्यक्ष एवं भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह समेत दो आरोपितों के खिलाफ दिल्ली पुलिस की ओर से दाखिल चार्जशीट पर 27 जून को विचार करेगा। गुरुवार चीफ मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट महिमा राय सिंह ने चार्जशीट संबंधित एडिशनल चीफ मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट हरजीत सिंह जसपाल के पास ट्रांसफर कर दिया।
सुनवाई के दौरान आज चीफ मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट महिमा राय सिंह ने दिल्ली पुलिस से पूछा कि क्या पॉक्सो एक्ट के मामले में कैंसिलेशन अर्जी दाखिल की गई है। उन्होंने दिल्ली पुलिस से पूछा कि एडिशनल चीफ मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट हरजीत सिंह जसपाल के पास पहले से एफआईआर का मामला सुनवाई के लिए लिस्टेड है। तब दिल्ली पुलिस की ओर से एसएचओ उपेंद्र सिंह ने कोर्ट को बताया कि पटियाला हाउस कोर्ट में पॉक्सो मामले में कैंसिलेशन अर्जी दाखिल की गई है। दिल्ली पुलिस ने कहा कि एडिशनल मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट हरपाल सिंह जसपाल ने पहले इस मामले में दाखिल एक अर्जी पर दिल्ली पुलिस से स्टेटस रिपोर्ट दाखिल करने को कहा था। इस मामले पर सुनवाई के लिए 27 जून की तारीख तय है। इसके बाद चीफ मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट महिमा राय सिंह ने मामले को एडिशनल चीफ मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट हरजीत सिंह जसपाल को ट्रांसफर कर दिया।
उल्लेखनीय है कि 15 जून को दिल्ली पुलिस ने पटियाला हाउस कोर्ट में नाबालिग पहलवान की शिकायत पर पॉक्सो एक्ट के तहत दर्ज मामले में बृजभूषण सिंह को क्लीन चिट देते हुए आरोप निरस्त करने की मांग की है। दिल्ली पुलिस ने कहा है कि पॉक्सो के मामले में बृजभूषण सिंह के खिलाफ कोई ठोस साक्ष्य नहीं मिले हैं। पटियाला हाउस कोर्ट इस अर्जी पर 4 जुलाई को सुनवाई करेगा।
दिल्ली पुलिस ने राऊज एवेन्यू कोर्ट में चार्जशीट दाखिल किया है जिसमें भारतीय दंड संहिता की धारा 354, 354डी, 354ए और 506 (1) के तहत आरोप लगाए गए हैं। दिल्ली पुलिस ने राऊज एवेन्यू कोर्ट में बृजभूषण सिंह के खिलाफ छह बालिग महिला पहलवानों द्वारा लगाए गए यौन शोषण के मामले में चार्जशीट दाखिल की। चार्जशीट में दो लोगों को आरोपित किया गया है। बृजभूषण सिंह के अलावा दूसरे आरोपित भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व असिस्टेंट सेक्रेटरी विनोद तोमर हैं।
