नई दिल्ली, 24 जून । भारतीय जनता पार्टी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अमेरिकी यात्रा को ऐतिहासिक बताया है। शनिवार को केन्द्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने प्रेसवार्ता में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अमेरिका यात्रा बेहद सफल रही है।
पुरी ने कहा कि दोनों देशों ने आईसीएईटी की घोषणा के माध्यम से अपनी रणनीतिक साझेदारी को बढ़ाया, जो कि महत्वपूर्ण और उभरती प्रौद्योगिकी पर पहल है। यह भारत-अमेरिका संबंधों में एक प्रमुख मील का पत्थर है। साथ ही नासा और इसरो 2023 तक मानव अंतरिक्ष उड़ान सहयोग के लिए एक रणनीतिक ढांचा विकसित करेंगे। यह दो सबसे बड़े लोकतंत्रों के बीच मजबूत साझेदारी का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जब पहली बार अमेरिका दौरे पर गए थे तब भारत दुनिया की 10वीं अर्थव्यवस्था था और आज भारत दुनिया की 5वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। अमेरिकी कांग्रेस के संयुक्त सत्र में उनका संबोधन और वहां के प्रतिनिधियों का उनसे ऑटोग्राफ मांगना उनके एक विश्व नेता होने का प्रमाण है। दुनियाभर के कुछ ही लोगों ने अमेरिकी कांग्रेस के संयुक्त सत्र को संबोधित किया। अगर इतिहास को देखें तो नेल्सन मंडेला और विंस्टन चर्चिल ने अमेरिकी कांग्रेस के संयुक्त सत्र को संबोधित किया था।
