नई दिल्ली, 24 जून । केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने साहित्य अकादमी की पुस्तक “वितस्ता : यूनाइटिंग कल्चर्स” का शुक्रवार शाम को विमोचन किया। श्रीनगर के एसकेआईसीसी हॉल में वितस्ता: कश्मीर महोत्सव के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय संस्कृति राज्यमंत्री मीनाक्षी लेखी, जम्मू-कश्मीर के उप राज्यपाल मनोज सिन्हा, केंद्रीय गृह सचिव अजय कुमार भल्ला समेत कई प्रमुख लोग मौजूद रहे।
साहित्य अकादमी के सहायक संपादक (हिंदी) अजय कुमार शर्मा ने शनिवार को बताया कि लोकार्पित पुस्तक में इस कार्यक्रम शृंखला के अंतर्गत जनवरी में चेन्नई में आयोजित संगोष्ठी “कश्मीर की साहित्यिक और सांस्कृतिक विरासत”, पुणे में अप्रैल में आयोजित संगोष्ठी “गोदावरी एवं वितस्ता एक सांस्कृतिक यात्रा” तथा अभी श्रीनगर में आयोजित हो रही संगोष्ठी “बौद्ध धर्म और कश्मीर” के 30 आलेख प्रकाशित किए गए हैं।
इस पुस्तक में जिन लेखकों एवं विद्वानों के आलेख संकलित हैं, उनमें- सीके गरियाली, प्राण किशोर, सिद्धार्थ काक, सी राजेंद्रन, ए. कौल, एजाज मोहम्मद शेख, सतीश विमल, गौरी शंकर रैना, एएस पाठक, रूप किशन भट्ट, ललित परिमू, दिलीप धोंडे, शशि शेखर तोषखानी, ललित गुप्ता, विद्यासागर पाटनणकर, ललित गुप्ता, मुस्ताक बी बराक, भाषा सुंबली, सोनालिका कौल, मेघ कल्याणसुंदरम, जसबीर चावला, ठिनलस ग्युरमेद, रतनलाल तलाशी, सोएब इनायत मलिक, फारुख फैय्याज, सत्यभामा राजदान, चंदन कुमार एवं वाहिद नसरू शामिल हैं।
