नई दिल्ली, 27 जून । कर्नाटक विधानसभा चुनाव में मिली सफलता के बाद उत्साहित कांग्रेस पार्टी तेलंगाना विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुट गई है।
इसी क्रम में मंगलवार को कांग्रेस मुख्यालय में पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के नेतृत्व में एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में पार्टी नेता राहुल गांधी और केसी वेणुगोपाल सहित पार्टी के अन्य नेता मौजूद रहे।
उल्लेखनीय है कि इसी वर्ष के अंत में तेलंगाना में विधानसभा चुनाव होना है। चुनाव से पहले नेताओं का एक दल से दूसरे दल में आना-जाना भी शुरू हो गया है। सोमवार को भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के पोंगुलेटी श्रीनिवास रेड्डी और जुपल्ली कृष्णा राव सहित कुछ अन्य नेताओं ने कांग्रेस की सदस्यता ली। ये सभी नेता कांग्रेस मुख्यालय पहुंचे और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और पार्टी नेता राहुल गांधी की मौजूदगी में कांग्रेस की सदस्यता ली थी।
इस दौरान कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा था कि पूरे देश में बदलाव की हवा महसूस हो रही है। यह बदलाव की हवा ”भारत जोड़ो यात्रा” से शुरू हुई, जिसका असर कर्नाटक में दिखा और अब तेलंगाना में भी कांग्रेस सरकार बनाएगी।
