नई दिल्ली, । 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव में कांग्रेस दिल्ली से कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगी, अभी तय नहीं है। संकेत मिल रहे हैं कि पार्टी गठबंधन की राह पर चल सकती है। प्रदेश कांग्रेस के नवनियुक्त प्रभारी दीपक बाबरिया ने कहा है कि तस्वीर साफ होने में अभी कुछ वक्त लगेगा।
शनिवार को ही बाबरिया पहली बार प्रदेश पार्टी कार्यालय में पहली बैठक लेने आए थे। इस दौरान उन्होंने जनता के बीच पार्टी नेताओं से सक्रियता बढ़ाने व पार्टी छोड़ने वाले नेताओं से वापसी की अपील करने के साथ साथ केंद्र एवं राज्य सरकार के खिलाफ मुखर होने की बात भी कही थी।
दिल्ली में भी चुनावी गठबंधन कर सकती है कांग्रेस
राष्ट्रीय हित में पार्टी नेतृत्व विभिन्न स्तरों पर गठबंधन की चर्चा कर रहा है। इन चर्चाओं के बीच दिल्ली को लेकर भी अभी कुछ तय नहीं है। आने वाले समय में ही तस्वीर साफ हो पाएगी। बाबरिया के इस बयान से स्पष्ट संकेत है कि अबकी बार लोकसभा चुनाव में दिल्ली में भी कांग्रेस चुनावी गठबंधन कर सकती है।
गठबंधन किसके साथ और किस अनुपात में होगा, यह भविष्य में ही पता चल पाएगा। इस आशय की कोशिश 2019 के लोकसभ चुनाव में भी हुई थीं, लेकिन सिरे नहीं चढ़ पाई थीं। इस बार फिर से इस दिशा में चर्चा भले शुरू हो गई है, किंतु प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं में बहुत मतभेद भी हैं।
