नई दिल्ली, 03 जुलाई । राजनीतिक दल अब वित्तीय लेखा-जोखा ऑनलाइन दाखिल कर सकेंगे। चुनाव आयोग ने तीन विवरण दाखिल करने के लिए एक वेब पोर्टल तैयार किया है।
इस पोर्टल से राजनीतिक दल अब योगदान रिपोर्ट, लेखापरीक्षित वार्षिक खाता और राजनीतिक दलों द्वारा चुनाव व्यय विवरण जमा करा सकेंगे।
आयोग ने सभी राजनीतिक दलों को लिखे पत्र में इसकी जानकारी दी है। इसके पीछे आयोग के दो उद्देश्य हैं। एक दाखिल करने में आने वाली कठिनाइयों को दूर करना और दूसरा, एक मानकीकृत प्रारूप में समय पर लेखा जोखा दाखिल करना सुनिश्चित कराना। आयोग के अनुसार डेटा की ऑनलाइन उपलब्धता से अनुपालन और पारदर्शिता के स्तर में वृद्धि होने की उम्मीद है।
इसके लिए ऑन-लाइन पोर्टल और व्यावहारिक उपयोग के बारे में समझाने वाला एक मैनुअल और अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न तैयार किए गए हैं। आयोग द्वारा दलों के लिए प्रशिक्षण सत्र आयोजित किये जायेंगे।
