नई दिल्ली (वीएनएस )। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस वित्तीय वर्ष की अप्रैल से अक्तूबर तक की अवधि में मोबाइल फोन निर्यात दोगुने से भी अधिक होने पर प्रसन्नता व्यक्त की है। इन सात महीनों में मोबाइल फोन का निर्यात पांच अरब डॉलर के आंकड़े को पार कर गया जबकि पिछले वर्ष की इसी अवधि में यह दो अरब बीस करोड़ डॉलर था। इस बारे में इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री राजीव चंद्रशेखर के ट्वीट पर श्री मोदी ने कहा कि विनिर्माण क्षेत्र में भारत की महत्वपूर्ण उपलब्धियों का क्रम जारी है।
अनुमान है कि इस गति से भारत का निर्यात दिसंबर की शुरुआत में ही वित्तीय वर्ष 2022 के अनुमानित आंकड़े को पार कर जाएगा। वित्तीय वर्ष 2023 के अंत तक इसके साढ़े आठ से नौ अरब डॉलर तक पहुंच जाने की आशा है। वित्तीय वर्ष 2021-22 में देश से पांच अरब 80 करोड़ डॉलर के मोबाइल फोन का निर्यात हुआ था।
