मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सात जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गीता प्रेस के शताब्दी समारोह आ रहे हैं। इसी दिन गोरखपुर से वंदे भारत ट्रेन का शुभारंभ भी करेंगे। उन्होंने गोरखपुर को बहुत कुछ दिया है। शहर में ऐतिहासिक स्वागत करना हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी है। गोरखपुर स्वच्छ और सुंदर दिखे, इसके लिए हर कोशिश होनी चाहिए। पांच और छह जुलाई को विशेष स्वच्छता अभियान चलाएं। नगर निगम के साथ सभी भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता इससे जुड़ें, ताकि कोई भी शहर को देखकर जाए तो तारीफ करे।
मुख्यमंत्री योगी मंगलवार को एनेक्सी भवन में प्रधानमंत्री के शहर आगमन को लेकर भाजपा के पदाधिकारियों के साथ तैयारी बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के दो महत्वपूर्ण कार्यक्रम हैं, जिसे लेकर हम सभी के मन में जिज्ञासा है। करीब तीन दशक तक बंद फर्टिलाइजर को प्रधानमंत्री मोदी ने चलवाया। फर्टिलाइजर कारखाना आज 110 प्रतिशत की क्षमता से संचालित है।
सीएम ने कहा कि गोरखपुर में एम्स खुलने से स्वास्थ्य सुविधाएं बढ़ी हैं। वायुयान की सुविधा में बढ़ोतरी हुई है। मुंबई, दिल्ली, कोलकाता सहित अन्य शहरों के लिए आवागमन आसान हुआ है। इनके आलवा भी बहुत सारी सुविधाएं गोरखपुर को प्राप्त हुई हैं। इसी कड़ी में गोरखपुर स्थित गीता प्रेस को 2021-22 का गांधी शांति पुरस्कार मिलने का गौरव प्राप्त हुआ है। गीता प्रेस में सौ साल से धार्मिक पुस्तकों का प्रकाशन हो रहा है। गांधी शांति पुरस्कार मिलने से गोरखपुर की इस धरोहर को मान्यता मिली है। ऐसे में अपने शहर में प्रधानमंत्री का ऐतिहासिक स्वागत हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी है।
वंदेभारत का ट्रायल सफल, 17 मिनट पहले पहुंची
