नई दिल्ली (वीएनएस )। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सभी से श्रीमद्भगवद्गीता के ज्ञान को जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया। वे आज कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव-2022 के अंतर्गत आयोजित अंतरराष्ट्रीय गीता संगोष्ठी को संबोधित कर रही थीं। इस अवसर पर हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय और मुख्यमंत्री मनोहर लाल तथा नेपाल के राजदूत शंकर प्रसाद शर्मा और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।
उन्होंने कहा कि सभी देशवासी आजादी का अमृत महोत्सव मना रहे हैं और स्वतंत्रता संग्राम के नायकों को याद किया जा रहा है। राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि महात्मा गांधी सहित स्वतंत्रता सेनानी श्रीमद्भगवद गीता से मार्गदर्शन लेते थे। उन्होंने विदेशों में पवित्र ग्रंथ को लोकप्रिय बनाने के हरियाणा सरकार के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि गीता और योग शास्त्र पूरी मानवता को भारत की देन हैं।
