यमुना में खतरे की घंटी बजती नजर आ रही है। ताजेवाला से पिछले 24 घंटे के दौरान बड़ी मात्रा में पानी छोड़ा जा रहा है। यह मात्रा सोमवार सुबह छह बजे 3 लाख क्यूसेक के आंकड़े को पार कर गई है। मथुरा प्रयाग घाट पर यमुना का जल स्तर 164.06 मीटर के निशान को छू गया है। इसे देखते हुए गोकुल बैराज से भी आगरा के लिए अतिरिक्त पानी छोड़ना शुरू कर दिया गया है।
रविवार शाम पांच बजे यमुना में ताजेवाला से 1.90 लाख क्यूसेक पानी छोड़ने का दौर शुरू हुआ था। रात 12 बजे यह मात्रा 2.51 लाख क्यूसेक पर पहुंच गई, जबकि सोमवार प्रात: 6 बजे तक तीन लाख क्यूसेक का आंकड़ा भी पार कर दिया। दोपहर दो बजे से एक बार फिर यह मात्रा 1.9 लाख क्यूसेक पर आ गई है। लगातार 24 घंटेे तक दो लाख से अधिक पानी ताजेवाला से छोड़ा जाना खतरे की घंटी माना जा रहा है।
