मुंबई, राज्य ब्यूरो। महाराष्ट्र के मंत्री छगन भुजबल को जान से मारने की धमकी देने वाले युवक प्रशांत पाटिल को पुणे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पिछले सप्ताह ही राकांपा नेता अजित पवार के साथ शिंदे-फडणवीस सरकार में शामिल हुए छगन भुजबल सोमवार को पुणे दौरे पर थे। रात करीब 11.30 बजे भुजबल के एक निजी सहायक के नंबर पर फोन आया।
धमकी देने वाले युवक हिरासत में
फोन करने वाले ने कहा कि उसे छगन भुजबल को जान से मारने का आदेश मिला है और वह इस काम को अंजाम देने वाला है। फोन सुनने वाले भुजबल के सहायक ने इस बात की सूचना तुरंत पुलिस को दी। इसके बाद पुणे में भुजबल की सुरक्षा तुरंत बढ़ा दी गई और काल रिकार्ड के आधार पर धमकी देने वाले युवक को मंगलवार को तड़के रायगढ़ के महाड शहर से हिरासत में ले लिया गया।
मैंने अपनी विचारधारा नहीं छोड़ी है : भुजबल
छगन भुजबल ने कहा कि हालांकि वह शिंदे-भाजपा सरकार के साथ जरूर आ गए हैं, लेकिन उन्होंने अपनी विचारधारा नहीं छोड़ी है। उन्होंने राकांपा संस्थापक शरद पवार की भाजपा के साथ आने के मुद्दे पर बार-बार अपना विचार बदलने पर उनकी आलोचना भी की।
पुणे में पत्रकारों से बात करते हुए भुजबल ने किया दावा
दावा किया कि फिलहाल राकांपा के 53 में से 45 विधायक अजित पवार के साथ हैं। मैं बाहर रहकर क्या करता। पुणे में पत्रकारों से बात करते हुए भुजबल ने याद दिलाया कि 2014 में शरद पवार ने ही सरकार बनाने के लिए भाजपा को बाहर से समर्थन दिया था। इसके बाद 2017 में जब मैं जेल में था, तब राकांपा के पांच और भाजपा के पांच बड़े नेताओं ने मिलकर भाजपा सरकार में शामिल होने का फैसला किया था। तब भी शरद पवार पीछे हट गए थे।
