सुकमा, छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले के चिंतागुफा थाना क्षेत्र अंतर्गत डब्बाकोंटा कैम्प पर मंगलवार की शाम साढ़े चार बजे नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी। इस गोलीबारी में कोबरा 202वीं वाहिनीका एक प्रधान आरक्षक शहीद हो गया।
बस्तर आईजी पी. सुंदरराज ने बताया कि शाम 4.30 से 5 बजे के बीच डब्बाकोन्टा कैम्प और पेंटापाड़ जंगल के मध्य ऑपरेशन ड्यूटी में तैनात सुरक्षा बल के ऊपर नक्सलियों द्वारा फायरिंग की गई। सुरक्षा बल द्वारा तत्काल जवाबी कार्यवाही की गई। इसके बाद नक्सली जंगल की आड़ लेकर भाग गए। फायरिंग में आऊटर कॉर्डन कट ऑफ पार्टी में लगे कोबरा वाहिनी के एक प्रधान आरक्षक सुलेमान निवासी जिला पालक्काड़, केरल घायल हो गए। जिन्हें उपचार हेतु भेज्जी सीआरपीएफ फील्ड हॉस्पिटल लाया गया एवं फील्ड हॉस्पिटल में उपचार के दौरान प्रधान आरक्षक शहीद हो गए।
आईजी ने बताया कि आसपास के क्षेत्र में रि-इंफोर्समेंट हेतु भेजे गए अतिरिक्त सुरक्षा बल द्वारा सर्चिंग की जा रही है। डब्बाकोंटा में सुरक्षा बल का हाल ही में कैंप स्थापित किया गया है। यह इलाका नक्सलियों के प्रभाव क्षेत्र में है। जहां नक्सलियों की मौजूदगी बनी रहती है, जिसको देखते हुए सुरक्षा बल द्वारा कैंप स्थापित किया गया है।
