मुंबई, पीटीआई। महाराष्ट्र की शिंदे सरकार में शामिल मंत्रियों के विभागों का बंटवारा शुक्रवार को कर दिया गया। एनसीपी नेता और शिंदे सरकार में उपमुख्यमंत्री बनाए गए अजित पवार को वित्त मंत्रालय और योजना मंत्रालय का कार्यभार सौंपा गया है। इस पर शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत ने महाराष्ट्र सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने दावा किया है कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को बदला जाएगा और उप मुख्यमंत्री अजीत पवार भविष्य में सरकार चला सकते हैं।
अजीत पवार को बनाया जा सकता है भविष्य में सीएम
उन्होंने कहा कि अजित पवार भविष्य में मुख्यमंत्री बन सकते हैं। हालांकि, यह साफ है कि मौजूदा सीएम एकनाथ शिंदे को बदला जाएगा। वहीं, महाराष्ट्र विधान परिषद में विपक्ष के नेता अंबादास दानवे ने कहा कि समय उन 40 विधायकों से बदला ले रहा है, जिन्होंने उद्धव ठाकरे के खिलाफ बगावत की थी।
अजित पवार पर क्या बोले अंबादास दानवे?
दानवे ने कहा कि जब वे महा विकास अघाड़ी (एमवीए) सरकार का हिस्सा थे। उस दौरान शिवसेना के विधायकों ने अजित पवार पर धन से वंचित करने का आरोप लगाया था और उन्होंने आज पार्टी छोड़ दी। वही व्यक्ति आज राज्य का वित्त मंत्री बन गया है। मालूम हो कि पिछले साल शिंदे के विद्रोह के कारण मूल शिवसेना का विभाजन हो गया है और शिंदे ने जून 2022 में भाजपा से हाथ मिला लिया था।
अजित पवार के सहयोगियों को कौन सा मिला विभाग?
मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के कार्यालय से जारी बयान के अनुसार, पवार के आठ सहयोगियों को भी विभाग आवंटित कर दिए गये हैं, जिन्होंने दो जुलाई को मंत्री के रूप में शपथ ली थी। बयान के अनुसार, धनंजय मुंडे को कृषि विभाग की कमान दी गयी है, वहीं दिलीप वाल्से-पाटिल को सहकारिता मंत्री बनाया गया है।
इन्हें भी मिली अहम जिम्मेदारी
बयान के मुताबिक, मंत्री बने अन्य राकांपा नेताओं में हसन मुशरिफ को चिकित्सा शिक्षा, छगन भुजबल को खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, धर्मराव अत्राम को खाद्य एवं औषधि प्रशासन, संजय बनसोडे को खेल, अदिति तटकरे को महिला और बाल विकास तथा अनिल पाटिल को राहत, पुनर्वास और आपदा प्रबंधन विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
