मुंबई (महाराष्ट्र), एजेंसी। महाराष्ट्र आतंकवाद निरोधक दस्ते और उसके उत्तर प्रदेश समकक्ष के संयुक्त अभियान में पाकिस्तान की जासूस एजेंसी इंटर सर्विसेज इंटेलिजेंस (ISI) के एक संदिग्ध एजेंट और भर्तीकर्ता सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। एक अधिकारी ने इसकी जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि विशिष्ट खुफिया सूचना पर कार्रवाई करते हुए ATS की जुहू इकाई ने उत्तर प्रदेश ATS टीम के साथ रविवार को मुंबई के जोगेश्वरी इलाके में एक जगह पर छापा मारा और दोनों को पकड़ लिया।
आरोपियों की पहचान अरमान सैय्यद (62) और मोहम्मद सलमान सिद्दीकी (24) के रूप में हुई है।अधिकारी ने कहा कि कथित ISI एजेंट सैय्यद ने मोहम्मद सलमान को भर्ती किया था और दोनों ने कथित तौर पर एक अन्य संदिग्ध ISI एजेंट मोहम्मद रईस की मदद की थी।
गोंडा के मूल निवासी रईस को UP ATS ने पाकिस्तान में अपने हैंडलर्स को भारतीय सैन्य प्रतिष्ठानों के बारे में जानकारी देने के आरोप में गिरफ्तार किया था। उनकी गिरफ्तारी के बाद जोगेश्वरी इलाके में गिरफ्तारियां हुईं।
अधिकारी ने बताया कि सैय्यद और सिद्दीकी को स्थानीय अदालत में पेश करने के बाद सोमवार को UP ATS अधिकारियों को सौंप दिया गया।
JAGRAN NEWS
