मुंबई, एएनआइ। पिछले कुछ दिनों से महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई और उसके आस-पास के इलाकों में मूसलाधार बारिश हो रही है। शुक्रवार को भी तेज बारिश ने मुंबई में रहने वाले लोगों का कड़ा कड़ा इम्तिहान लिया। तेज बारिश की वजह से मुंबई की सड़कें पानी से लबालब भर गई हैं। कई इलाकों में कमर तक पानी भर गया है। तेज बारिश ने मुंबई के कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालत बन रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, तकरीबन 1000 से अधिक लोगों को बाढ़ संभावित इलाकों से निकालकर सुरक्षित स्थानों पर सिफ्ट कराया गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने महाराष्ट्र के कई जिलों में ऑरेंज और रेड अलर्ट जारी किया है।
अलर्ट पर एनडीआरएफ की टीमें
राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) की टीमों को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में तैनात किया गया है। वहीं, मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली महाराष्ट्र सरकार ने महानगर के लोगों से अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने का आग्रह किया है।
अधिकारी ने जानकारी दी कि भारी बारिश के बीच महाराष्ट्र की नदियां उफान पर हैं। रत्नागिरी में वशिष्ठी और जगबुड़ी नदियां, रायगढ़ में कुंडलिका, अंबा, सावित्री और पातालगंगा नदियां खतरे की रेखा को पार कर गई हैं। कोल्हापुर में पंचगंगा नदी भी बाढ़ रेखा के करीब है।
कई इलाकों में जलभराव
मुंबई के कई इलाकों में पानी भर चुका है। सायन सर्कल, हार्बर लाइन के कुर्ला स्टेशन समेत कई इलाकों में भारी जलभराव की खबर सामने आई है। मुंबई में आवाजाही के लिए लोकल ट्रेन काफी महत्वपूर्ण है, लेकिन बारिश की वजह की संचालन काफी धीमी हो चुकी है। बृहन्मुंबई इलेक्ट्रिक सप्लाई एंड ट्रांसपोर्ट (BEST) ने कई बस मार्गों को डायवर्ट कर दिया है।
भारतीय मौसम विभाग ने शुक्रवार को मुंबई को ‘ऑरेंज’ अलर्ट पर रखा गया था। हालांकि, आईएमडी ने एक महाराष्ट्र के लोगों के लिए राहत की खबर भी सुनाई है। मौसम कार्यालय ने गुरुवार को भविष्यवाणी की कि अगले तीन से चार दिनों में मुंबई के मौसम में सुधार होने की संभावना है।
jagran.com
