मुंबई, एजेंसी। महाराष्ट्र के कई इलाकों में भारी बारिश के कारण बाढ़ के हालात बन गए हैं। राजधानी मुंबई की भी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार राज्य में भारी बारिश और बाढ़ की स्थिति की समीक्षा के लिए वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिला कलेक्टरों की बैठक लेंगे। मौसम विभाग के अनुसार मुंबई के साथ-साथ ठाणे जिले, रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग जिलों को भी ऑरेंज अलर्ट दिया गया है। पुणे, कोल्हापुर, सतारा में घाट क्षेत्र में इस सप्ताह भी बारिश जारी रहने की संभावना है।
एक आधिकारिक बयान में कहा गया, “डिप्टी सीएम अजीत पवार सुबह 9:00 बजे मंत्रालय में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जिला कलेक्टरों की बैठक की अध्यक्षता करेंगे।”
अजित पवार ने सोमवार को महाराष्ट्र विधानसभा को सूचित किया कि वह राज्य में भारी बारिश और बाढ़ के आकलन और प्रभाव की समीक्षा के लिए एक बैठक करेंगे। उन्होंने विधानसभा को बताया, “मैं मंगलवार को सभी जिला कलेक्टरों के साथ वीडियो-कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठक करूंगा, जिसमें राज्य में बारिश और बाढ़ की स्थिति की समीक्षा की जाएगी।”
27 जुलाई तक महाराष्ट्र के छह जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट
इससे पहले भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, मुंबई ने सोमवार को भारी से बहुत भारी बारिश की भविष्यवाणी की थी और 27 जुलाई तक महाराष्ट्र के छह जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया था।
मौसम विभाग ने भविष्यवाणी की है कि रायगढ़, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग, पुणे, कोल्हापुर और सतारा जिलों में 27 जुलाई तक भारी से भारी बारिश होगी और मंगलवार को मुंबई में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।आईएमडी मुंबई का पूर्वानुमान है कि मुंबई, पालघर, रायगढ़, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग और कोल्हापुर जिलों में अलग-अलग स्थानों पर मध्यम बारिश होने की संभावना है।
jagran.com
