राज्य ब्यूरो, मुंबई। महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) पर तंज कसते हुए कहा है कि ईडी, सीबीआई और आयकर ही इसके सबसे मजबूत दल हैं। उन्होंने यह बात सामना के कार्यकारी संपादक एवं राज्यसभा सदस्य संजय राउत को दिए एक साक्षात्कार में कही। इस साक्षात्कार का पहला भाग बुधवार की सुबह ‘आवाज कुणाचा’ पॉडकास्ट पर प्रसारित हुआ।
‘ED-CBI एनडीए के सबसे मजबूत दल’
एनडीए की हाल में हुई बैठक पर तंज कसते हुए उद्धव ने कहा कि कई वर्षों के बाद पता चला कि एनडीए नाम का कोई अमीबा देश में जीवित है। हमारे प्रधानमंत्री उसी दिन अपनी स्मृति से बाहर आए और जवाब दिया कि हम देशभक्त राजनेताओं के साथ हैं। उद्धव ने आगे कहा कि
“उन्हें 36 पार्टियों की जरूरत नहीं है। ईडी, सीबीआई और आयकर ही एनडीए के सबसे मजबूत दल हैं।”
इसी साक्षात्कार में उन्होंने मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर भी कटाक्ष किया और कहा कि मैं गद्दारों के झुंड के बजाय मुट्ठी भर वफादारों को तरजीह देता हूं। कभी-कभी हम धोखा खा जाते हैं।
‘केकड़ों ने गिरा दी थी मेरी सरकार’
इसी कड़ी में जब संजय राउत ने उनसे कहा कि पिछले वर्ष भारी वर्षा में आपकी सरकार बह गई थी तो इसका उत्तर देते हुए ठाकरे ने कहा कि
“मेरी सरकार बह नहीं गई थी, उसे केकड़ों ने गिरा दिया था। कई बार बांध की दीवार को केकड़े छलनी कर देते हैं और वह मजबूत दीवार भी ढह जाती है।”
उद्धव ने कहा कि अपने ढाई साल के मुख्यमंत्रित्वकाल में मैं जो कुछ भी कर पाया हूं, उसके कारण महाराष्ट्र के लोग मुझे अपने परिवार का सदस्य मानने लगे हैं। जो लोग कभी हमारे साथ नहीं थे, वे भी अब हमारे साथ आ चुके हैं। उम्मीद जताई कि उन्हें शिवसेना का नाम पुन: वापस मिलेगा।
मणिपुर घटना पर क्या कुछ बोले उद्धव?
मणिपुर की घटना का उल्लेख करते हुए उद्धव ने कहा कि इस समय देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु एवं मणिपुर की राज्यपाल अनुसूया उइके हैं। दोनों महिलाएं हैं। उन्होंने राष्ट्रपति से सवाल किया कि इस समय देश में जो घटनाएं हो रही हैं, उन पर आपकी क्या राय है। उद्धव ने आगे कहा कि हमारे देश को भारत माता कहा जाता है। यदि उस माता का ऐसा अपमान होगा तो आप क्या करेंगी।
JAGRAN NEWS
