भोपाल, 28 जुलाई । मध्य प्रदेश में भाजपा ने इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी सिलसिले में केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह करीब 55 घंटे बाद फिर भोपाल आ रहे हैं। मप्र भाजपा की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, अमित शाह का शनिवार, 29 जुलाई की शाम को भोपाल आने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। रात में वे पार्टी की कोर कमेटी की बैठक लेंगे और अगले दिन रविवार को इंदौर के प्रवास पर रहेंगे।
बता दें कि केन्द्रीय गृह मंत्री दो दिनों पहले 26 जुलाई की रात आठ बजे भोपाल आए थे और यहां देर रात तक पार्टी पदाधिकारियों की बैठक के बाद अगले दिन गुरुवार सुबह दिल्ली रवाना हुए थे। तीन दिन के भीतर यह उनका भोपाल का दूसरा दौरा होगा।
प्रदेश भाजपा कार्यालय द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, अमित शाह 29 जुलाई को शाम करीब 7.00 बजे भोपाल आएंगे और पार्टी पदाधिकारियों के साथ चुनाव तैयारियों की समीक्षा करेंगे। रात्रि विश्राम भोपाल में करने के बाद अमित शाह अगले दिन 30 जुलाई को सुबह इंदौर जिले में स्थित भगवान परशुराम जन्मस्थली जानापाव जाएंगे। भगवान परशुराम को नमन करने के बाद केन्द्रीय गृह मंत्री इंदौर पहुंचेंगे और यहां संभाग के मंत्री, विधायक, सांसद, प्रदेश पदाधिकारियों, जिलाध्यक्षों सहित चुनिंदा सौ कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे। इंदौर में नगर भाजपा और ग्रामीण भाजपा के पदाधिकारी केन्द्रीय गृह मंत्री के दौरे की तैयारी में जुट गए हैं।
