फसलों को होने वाले नुकसान की क्षतिपूर्ति के लिए संचालित प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि बढ़ाकर अब 16 अगस्त कर दी गई है। पहले बीमा करने की अंतिम तिथि 31 जुलाई निर्धारित थी। फसल बीमा के लिए केन्द्र सरकार द्वारा एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड, एचडीएफसी, इरगो और बजाज अल्यांज जनरल इंश्योरेंस कंपनी का चयन किया गया है। इस योजना में किसानों को प्रतिकूल मौसम के कारण होने वाले फसल संबंधी नुकसान के एवज में मुआवजे के लिए बीमा का लाभ दिया जाता है। कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि छत्तीसगढ़ के सभी जिलों के किसान धान के अलावा मक्का, सोयाबीन, अरहर, मूंग, उड़द, कोदो, कुटकी और रागी जैसी फसलों का बीमा करा सकते हैं।
