नई दिल्ली: मोदी सरनेम वाले मानहानि केस में सुप्रीम कोर्ट ने राहुल गांधी को बड़ी राहत दी है. सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में फैसला सुनाते हुए राहुल की सजा पर रोक लगाई है. जज ने राहुल गांधी को राहत देते हुए कहा, “जब तक राहुल गांधी की याचिका पर सुनवाई पूरी नहीं होती, तब तक दोषसिद्धि और सजा पर रोक रहेगी.” कोर्ट ने सुनवाई की तारीख नहीं बताई है. वहीं, अदालत के इस फैसले के बाद कांग्रेस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की. इस दौरान राहुल गांधी ने साथ देने के लिए सबका शुक्रिया अदा किया. उन्होंने कहा कि सच की हमेशा जीत होती है.
राहुल गांधी ने कहा, “आज नहीं तो कल सच्चाई की जीत होती है. मुझे अपना लक्ष्य पता है, मैं जानता हूं मुझे क्या करना है. जिन्होंने हमारी मदद की और जनता ने जो प्यार और समर्थन दिया, उसके लिए सभी का धन्यवाद.”
देखते हैं कितनी देर में सदस्यता बहाल होगी?
प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, “ये केवल राहुल गांधी नहीं आम लोगों की जीत है. एक व्यक्ति जो सच्चाई के लिए और देश हित के लिए लड़ता है. मंहगाई, बेरोजगारी के खिलाफ लड़ता है, भारत जोड़ो यात्रा में मिले लोगों की, सबकी दुआ से ये जीत मिली है.” खरगे ने कहा, “जब निचली अदालत का फैसला आया, तो उनकी जल्द ही सदस्यता रद्द कर दी गई. अब देखते हैं कितनी देर में सदस्यता बहाल होती है.”
नफरत के खिलाफ मोहब्बत की जीत
मानहानि केस में शीर्ष अदालत का फैसला आने पर कांग्रेस ने ट्विटर पर खुशी जाहिर की. कांग्रेस कै हैंडल से ट्वीट किया गया, ‘यह नफरत के खिलाफ मोहब्बत की जीत है. सत्यमेव जयते-जय हिंद.’ वहीं, अदालत के फैसले पर रिएक्शन देते हुए राहुल गांधी ने ट्वीट किया, “चाहे कुछ भी हो, मेरा कर्तव्य वही रहेगा. भारत के विचार की रक्षा करना.”
ndtv.in
