राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज नई दिल्ली में प्रगति मैदान में पुस्तकालय महोत्सव का उद्घाटन करेंगी। इसका आयोजन संस्कृति मंत्रालय ने किया है। दो दिन के इस महोत्सव में दुनियाभर के प्रसिद्ध पुस्तकालयों की विशेषताओं को दर्शाया जाएगा। इसका उद्देश्य भारत में पुस्तकालयों के आधुनिकीकरण और डिजीकरण पर चर्चा की शुरुआत करना है।
यह आयोजन पुस्तकालयों के विकास और डिजीकरण को बढ़ावा देने तथा देश में पढ़ने की संस्कृति को बढ़ावा देने के प्रधानमंत्री के दृष्टिकोण के अनुरूप है। इसका उद्देश्य देश में ग्रामीण और सामुदायिक स्तर तक आदर्श पुस्तकालयों के विकास के लिए कार्योन्मुखी नीतियां तैयार करना है। इसके साथ ही देश भर में पुस्तकालयों की विशेष रैंकिंग प्रणाली की शुरुआत भी हो जाएगी और इससे पुस्तकालय के क्षेत्र में उत्कृष्टता और नवाचार को बढ़ावा मिलेगा। आज इस महोत्सव के उद्घाटन अवसर पर उप-राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ भी उपस्थित रहेंगे।
