इस्लामाबाद, । पाकिस्तान के क्वेटा में बुधवार को पुलिस पर हुए हैंड ग्रेनेड के हमले में दो पुलिसकर्मियों समेत पांच लोग घायल हो गए। सूचना पर एसएसपी मोहसिन घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) आपरेशंस कैप्टन (सेवानिवृत्त) जोहेब मोहसिन ने बताया कि शुरुआत में अज्ञात बदमाशों और पुलिस के बीच फायरिंग हो रही थी। इस बीच बदमाश हैंड ग्रेनेड फेंक कर फरार हो गए।
क्वेटा नागरिक अस्पताल के प्रवक्ता डॉ वसीम बेग ने बताया कि दो पुलिसकर्मियों व महिला समेत घायलों को अस्पताल में लाया गया। घायलों को उपचार दिया गया और बताया कि वे खतरे से बाहर हैं। गत सोमवार को बलूचिस्तान के पंजगर जिले में हुए धमाके में नवनिर्वाचित यूनियन काउंसिल अध्यक्ष समेत सात लोगों की मौत हो गई थी। गत सप्ताह किला अब्दुल्ला के मजाई अधा क्षेत्र में बम हमले में लेवीज बल के वरिष्ठ अधिकारी समेत चार लोग घायल हो गए थे।
