ठाणे, पीटीआई। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने बुधवार को कहा कि भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि वह अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव में राज्य और देश में अधिकतम सीट जीते।
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के एक कार्यालय के उद्घाटन के बाद अजित पवार ने पत्रकारों से बात करते हुए यह टिप्पणी की। सनद रहे कि अजित पवार और उनकी पार्टी एनसीपी के आठ विधायक दो जुलाई को एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना-भारतीय जनता पार्टीसरकार में शामिल हो गए थे।
क्या कुछ बोले अजित पवार?
इस मौके पर एक सवाल का जवाब देते हुए अजित पवार ने कहा,
“एनडीए की पहली प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि वह आगामी लोकसभा चुनाव में राज्य और देश में अधिक से अधिक सीट जीते। गठबंधन के सहयोगी फिलहाल सिर्फ इसी पर काम कर रहे हैं। उसके बाद वे अपना ध्यान (अक्टूबर/नवंबर 2024 में होने वाले) राज्य विधानसभा चुनावों पर लगाएंगे।”
‘प्रतिद्वंद्वियों को हराना ही हमारा लक्ष्य’
उन्होंने कहा कि पार्टियां मजबूत प्रत्याशियों का चयन करेंगी…हमारा लक्ष्य प्रतिद्वंद्वी पार्टियों को हराना है। अब हम ‘जनाधार’ हासिल करने और नागरिकों का विश्वास हासिल करने की दिशा में काम करेंगे।
